युवती से घर में घुसकर छेड़छाड़ का आरोप:रामपुर में विरोध करने पर डंडे से किया हमला, पुलिस ने बताया पुराना विवाद

रामपुर की शाहबाद कोतवाली क्षेत्र के लोधीपुर गांव में एक युवती ने घर में घुसकर छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप लगाया है। आरोप है कि विरोध करने पर युवक ने डंडे से हमला कर उसे घायल कर दिया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल युवती का उपचार जिला अस्पताल के महिला सर्जिकल वार्ड में चल रहा है। पीड़िता ने अपनी तहरीर में बताया कि वह घर में अकेली थी और भैंस खोल रही थी। इसी दौरान गांव का रहने वाला युवक निगम उसके घर में घुस आया। युवती का आरोप है कि युवक ने उसे पीछे से पकड़ लिया और जबरदस्ती करने का प्रयास किया। युवती के विरोध करने पर आरोपी ने उसके सिर पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद परिजनों ने घायल युवती को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलने पर शाहबाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक निगम के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी कराया है। दोनों पक्षों में पहले से चल रहा था विवाद थाना प्रभारी शाहबाद प्रदीप कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते दोनों में मारपीट हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि छेड़छाड़ सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस साक्ष्यों व जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। दूसरी ओर, आरोपी युवक निगम ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताया है। उसका कहना है कि उसने न तो युवती के घर में प्रवेश किया और न ही किसी प्रकार की छेड़छाड़ या मारपीट की है। आरोपी के मुताबिक, कुछ दिन पहले युवती के पिता ने उसके साथ मारपीट की थी। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की सच्चाई और पुलिस तफ्तीश में सामने आने वाले तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *