गोंडा में पिता की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार:बेटे को बचाने गए थे, पैसे के लेनदेन को लेकर नशे में हुई थी मारपीट
गोंडा जिले के कौड़िया बाजार थाना क्षेत्र में 70 वर्षीय कन्हैयालाल यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कौड़िया पुलिस ने रविवार देर शाम ओमप्रकाश पांडेय और उपेंद्र पांडेय को हिरासत में लिया। यह घटना शनिवार देर शाम आमाडीह तेलियाकोट में हुई थी। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने नशे की हालत में कन्हैयालाल के बेटे चंदन के साथ मारपीट की थी। जब पिता कन्हैयालाल अपने बेटे को बचाने पहुंचे, तो आरोपियों ने उन पर भी लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस मारपीट में चंदन और कन्हैयालाल गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायलों को इलाज के लिए बहराइच जिले में भर्ती कराया गया, जहां 70 वर्षीय कन्हैयालाल की इलाज के दौरान मौत हो गई। 38 वर्षीय चंदन का इलाज अभी जारी है। घायल चंदन के पुत्र अतुल यादव ने कौड़िया थाने में ओमप्रकाश उर्फ दद्दन पांडे और उपेंद्र पांडे के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गुदगुदिया रेलवे क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार किया। उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। कौड़िया थाना अध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने बताया कि यह विवाद पैसे के लेनदेन को लेकर हुआ था। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

