



विराट की खराब फार्म को देखकर बोले प्रशंसक
बाबा न्यूज
नयी दिल्ली। विराट कोहली का खराब फॉर्म उनका पीछा नहीं छोड़ रहा है। इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में भी उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा। दूसरे मैच में एक रन बनाने वाले विराट तीसरे मैच में 11 रन ही बना सके। रविवार को नॉटिंघम में कोहली शानदार लय में दिख रहे थे। उन्होंने डेविड विली की गेंद पर चौका और छक्का लगाने के बाद अपना विकेट गंवा दिया। इसके बाद विराट ट्विटर पर ट्रोल हो गए। क्रिकेट प्रेमी उन्हें संन्यास लेने तक की सलाह दे रहे हैं।
दूसरे ओवर की पहली गेंद पर ऋषभ पंत आउट हुए। रीस टोप्ले की गेंद पर कप्तान जोस बटलर ने विकेट के पीछे उनका कैच पकड़ा था। पंत के आउट होने के पहले कोहली क्रीज पर आए। उन्होंने पहली गेंद पर कोई रन नहीं लिया। अगली गेंद पर एक रन लेकर खाता खोला। इसके बाद तीसरे ओवर में उन्हें खेलने का मौका मिला। विली की पहली गेंद पर उन्होंने कोई रन नहीं बनाया। अगली गेंद को मिड-विकेट की ओर शानदार तरीके से खेलकर चौका बटोरा। विराट ने तीसरी गेंद को सामने की ओर मारा। गेंद सीधे बाउंड्री के बाहर गिरी। चौके के बाद कोहली ने छक्का लगा दिया। ऐसा लग रहा था कि कोहली आज तूफानी पारी खेलने वाले हैं, तभी उन्होंने एक और बाउंड्री के लिए एक्स्ट्रा कवर की ओर शॉट खेला। गेंद थोड़ी ऊंची और होती तो कोहली को बाउंड्री मिल जाता, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। गेंद सीधे जेसन रॉय के हाथों में चली गई। शानदार शुरूआत करने वाले विराट को एक बार फिर से निराश होकर पवेलियन लौटना पड़ा।