दुग्ध दान करने वाली माताओं को दिया माँ यशोदा गौरव सम्मान

 

मुंशी पन्ना मातृ दुग्ध बैंक में 49 माताओं के सहयोग से 2610 मिलीलीटर मातृ दुग्ध किया गया संग्रहीत, 14 नवजात शिशुओं को 1090 मिली जीवनदाई अमृत किया प्रदान

पीड़ा को परोपकार में बदलने का काम कर रही मातृ दुग्ध बैंक, मातृ दुग्ध प्रदान करने की यह सेवा अलौकिक, अतुलनीय और प्रशंसनीय: पूज्य महाराज श्री नीरज नयन
बाबा न्यूज
आगरा। श्री चंद्रभान साबुन वाला सेवा ट्रस्ट द्वारा खतैना रोड, प्रताप नगर पर संचालित गभार्धान संस्कार एवं मेटरनिटी होम में नवजातों की जीवन-रक्षा के लिए अपना दुग्ध दान करने वाली माताओं को माँ यशोदा गौरव सम्मान प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की गई।
मुख्य अतिथि कथा प्रवक्ता श्रद्धेय महाराज श्री नीरज नयन ने इस अवसर पर कहा कि मातृ दुग्ध बैंक पीड़ा को परोपकार में बदलने का काम कर रही है। मातृ दुग्ध प्रदान करने की यह सेवा अलौकिक, अतुलनीय और प्रशंसनीय है। सेवा से अंत:करण पवित्र होता है और पवित्र अंत:करण में भगवान का दर्शन होता है। अत: हम सब लोगों को ऐसे अनूठे सेवा प्रकल्पों से जुड़कर मानवीय संवेदना और मानवीय चेतना का विस्तार करना चाहिए।
उन्होंने दुग्ध दान करने वाली माँओं- प्रीति, रितु, दीपिका, शमा, शालू, प्रियंका और अनु तथा इस कार्य में सहयोग करने वाली एसएन मेडिकल कॉलेज की डॉ. रुचिका बैनेट और नर्सिंग आॅफिसर एडना के साथ-साथ मुंशी पन्ना मातृ दुग्ध बैंक के मुख्य दानदाता मुंशी पन्ना परिवार के समाजसेवी नितिन अग्रवाल और सुलेखा अग्रवाल को पटका पहना कर, प्रमाण पत्र, उपहार व प्रसाद देकर सम्मानित किया।
इससे पूर्व कार्यक्रम का संचालन करते हुए रमेश चंद्र अग्रवाल ने दिव्य संतान प्राप्त करने के लिए गभार्धान संस्कार का महत्व बताया। श्री चंद्रभान साबुन वाला सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने बताया कि इसी माह के आरंभ में नवजात शिशुओं की जीवन रक्षा के लिए मुंशी पन्ना मातृ दुग्ध बैंक शुरू की गई थी। बैंक द्वारा अत्यंत अल्प समय में अपनी सार्थकता सिद्ध करते हुए 49 माताओं के सहयोग से लगभग 2610 मिलीलीटर मातृ दुग्ध संग्रह किया गया। 14 नवजात शिशुओं को 1090 मिली जीवनदाई अमृत किया प्रदान किया गया।
महामंत्री मनोज अग्रवाल और मंत्री राजीव जैन ने कहा कि माँ के दूध की हर बूँद में जीवन की आशा छिपी है। कोई भी माँ इस बैंक में अपने दूध का दान कर सकती है। एक छोटा सा योगदान एक बड़ा जीवनदान बन सकता है।
दुग्ध बैंक संयोजक राजकुमार गर्ग, नरेंद्र कुमार अग्रवाल, कोषाध्यक्ष सीए अंकुर अग्रवाल, पारुल जैन, निधि अग्रवाल, एचके बंसल, राकेश गर्ग, श्वेता गर्ग और डॉ. सुवर्णा सिंह ने व्यवस्थाएँ संँभालीं। पूरे कार्यक्रम और सेवा प्रकल्प का निर्देशन आगरा और सूरत के प्रमुख समाजसेवी अशोक गोयल ने किया।

सनातन संस्कृति में मातृ दुग्ध की मिसाल प्रेरणादायक
आगरा और उत्तर भारत में पहली बार स्थापित मुंशी पन्ना मातृ दुग्ध बैंक के पीछे सनातन संस्कृति की मिसाल प्रेरणादायक रही है। अशोक गोयल ने बताया कि भगवान श्री कृष्ण देवकी से पैदा हुए थे लेकिन उनको माता यशोदा ने अपना दूध पिलाकर पाला। कर्ण कुंती से पैदा हुए थे लेकिन उनको अनुसूचित जाति की माँ राधा का दूध पीने को मिला था। भगवान कार्तिकेय शिव जी के तेज से पैदा हुए थे लेकिन उनको कृतिका नाम की माता ने पाला था। ऐसे अनेक उदाहरणों से हमारे शास्त्र भरे पड़े हैं। अब कलयुग में भी इस प्रकल्प के माध्यम से यह सब साकार होता हुआ दिख रहा है।

 

लोकहितम लगाएगा महारक्तदान,नि:शुल्क जांच शिविर

स्थापना दिवस समारोह में 60 संस्थाएं और दुर्लभ रक्तदाता होंगे सम्मानित,300 यूनिट संग्रह का लक्ष्य
बाबा न्यूज
आगरा। लोकहितम चैरिटेबल ब्लड सेंटर का 16वां स्थापना दिवस समारोह 17 मई को कमला नगर स्थित महाराजा अग्रसेन सेवा सदन में आयोजित किया जाएगा। स्थापना दिवस पर महारक्तदान शिविर, नि:शुल्क परामर्श, स्वास्थ्य जाँच एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जायेगा। गुरुवार को कमला नगर स्थित लोकहितम भवन में स्थापना दिवस समारोह के आमंत्रण पत्र का विमोचन संस्था पदाधिकारियों ने किया।
अध्यक्ष अनिल कुमार अग्रवाल ने बताया कि रक्तदान किसी भी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवनदान के समान है। गर्मियों के मौसम में अक्सर रक्त की कमी हो जाती है, ऐसे में स्थापना दिवस पर महाराजा अग्रसेन सेवा सदन में करीब 20 सहयोगी संस्थाओं और युवाओं की भागीदारी से प्रात: 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक विशाल रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। शिविर में 300 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

महासचिव अखिलेश अग्रवाल ने बताया कि डायलिसिस मरीजों के लिए दूसरा शिविर लोकहितम भवन में नि:शुल्क परामर्श एवं जांच शिविर भी लगाया जाएगा। जिसमे डॉ. रजत मंगल मरीजों को परामर्श देंगे और शिविर में बॉडी कंपोजिशन मॉनिटर (बीसीएम) मशीन के माध्यम से मरीजों की नि:शुल्क जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति का सटीक सम्पूर्ण आकलन किया जा सकेगा।

संरक्षक राकेश मंगल ने बताया कि शाम सात बजे स्थापना दिवस समारोह में समाजसेवा, रक्तदान और स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान देने वाली 60 संस्थाओं एवं पांच दुर्लभ रक्तदाताओं को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव संगठन संजय विनायक जोशी, आशीर्वचन संत लोकेशानंद जी महाराज और विशिष्ट अतिथि डॉ. मुनीश्वर गुप्ता रहेंगे। संस्था का वर्षभर के सेवा कार्य का लेखा-जोखा भी प्रस्तुत किया जायेगा। इस अवसर पर संरक्षक कोषाध्यक्ष आकाश अग्रवाल, ब्लड बैंक निदेशक संजीव जैन, डायलिसिस सेंटर निदेशक भुवेश अग्रवाल, सुनील गोयल, महेंद्र सिंघल, रोहित अग्रवाल, श्रीराम अग्रवाल, केके अग्रवाल, मोहित अग्रवाल, अशोक अग्रवाल फरह वाले, शरद मित्तल, अर्पित गोयल, मयंक गोयल आदि उपस्थित रहे।

टीडीए के अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र गुप्ता और सचिव बने डॉ. पंकज गुप्ता

अधिष्ठापन समारोह में नयी टीम ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ
चिकित्सकों के खिलाफ बढ़ती हिंसा पर जताई चिंता, एकजुटता का दिया संदेश
बाबा न्यूज
आगरा। ताज डॉक्टर्स एसोसिएशन (टीडीए) की नई कार्यकारिणी ने गुरुवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। फतेहाबाद रोड स्थित होटल गोल्डन टूलिप मे आयोजित अधिष्ठापन समारोह में संगठनात्मक एकता के संदेश के बीच चिकित्सकों की सुरक्षा, सम्मान और समाज सेवा को नई दिशा देने की घोषणा भी की गई। समारोह का शुभारंभ आईएमए अध्यक्ष इलेक्ट डॉ. हरेंद्र गुप्ता, वक्ता डॉ. रश्मि मिश्रा, पूर्व अध्यक्ष राजीव उपाध्याय और डॉ. आरती गुप्ता शर्मा ने दीप प्रवज्जलित कर किया।

मंच से नवीन सत्र 2026-27 की कार्यकारणी में अध्यक्ष पद पर डॉ. नरेंद्र कुमार गुप्ता, सचिव पद पर डॉ. पंकज गुप्ता, कोषाध्यक्ष पद पर डॉ. समीर शर्मा, उपाध्यक्ष पद पर डॉ. सविता त्यागी, डॉ. दिलीप सोनी, संयुक्त सचिव पद पर डॉ. अमिता सिंह, डॉ. प्रखर मोहनिया और सांस्कृतिक प्रभारी डॉ. भावना सिंह व डॉ. रूचि अग्रवाल को संरक्षक डॉ. हरेंद्र मोहनिया ने शपथ ग्रहण करायी।

मुख्य अतिथि डॉ. हरेंद्र गुप्ता ने कहा कि संगठन की मजबूती ही डॉक्टरों की सबसे बड़ी शक्ति है। चिकित्सा केवल पेशा नहीं, बल्कि मानव सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है। वर्तमान समय में डॉक्टरों की सुरक्षा और सम्मान के लिए संगठित प्रयासों की आवश्यकता है।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि उनकी टीम चिकित्सकों की सुरक्षा, युवा डॉक्टरों के मार्गदर्शन, नैतिकता, अनुशासन और समाज सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देगी। उन्होंने विश्वास जताया कि नई टीम सकारात्मक सोच के साथ संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी। समारोह में एसोशिएशन ने चिकित्सकों के विरुद्ध बढ़ती हिंसा पर चिंता जताई। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अमिता व भावना ने किया। इस अवसर पर संजय बंसल, डॉ माला यादव, डॉ विजया सोनी, डॉ. गोपाल कृष्ण, डॉ. संजना महेश, मनोज शर्मा, एमएल दीक्षित, विजय खुराना, नवीन जनवेजा, प्रांजल गुप्ता, उन्नत कुलश्रेष्ठ आदि मौजूद रहे।

अपना दर्द भूलकर भी मरीजों की सेवा करती है नर्सेज

 

नर्सेज को नहीं मिल रहा है उनका हक : सतीश त्यागी
बाबा न्यूज
आगरा। अंतराष्ट्रीय नर्सेज दिवस पर जिला महिला अस्पताल में सभी नर्सेज ने मिलकर नर्सेज दिवस मनाया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉक्टर पुष्पलता प्रमुख चिकित्सा अधीक्षिका, डॉक्टर नीलम रानी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका, डॉक्टर सुनीता कुमारी ने फ्लोरेंस नाइटेंगल के चित्र पर केंडिल जलाकर एवं पुष्प माला डालकर कार्यक्रम की शुरुआत की । सभी स्टाफ को अच्छा कार्य करने हेतु गिफ्ट देकर सम्मानित किया गया।डॉक्टर पुष्पलता ने कहा कि बिना नर्सेज के हॉस्पिटल नहीं चल सकता। 24 घंटे यही मरीजों की सेवा करती है और पूरी ईमानदारी से अपना काम करती है। डॉक्टर नीलम रानी ने कहा कि नर्सेज अपना दर्द भूलकर भी मरीजों की सेवा करती है। सतीश त्यागी प्रदेश उपाध्यक्ष राजकीय नर्सेज संघ उत्तर प्रदेश ने कहा कि नर्सेज जितना कार्य हॉस्पिटल में करती है उसकी एवज में उनको उतना मन सम्मान नहीं मिलता है जिसकी वह हकदार है। कार्य का क्रेडिट डॉक्टर ले जाते है, जबकि मरीज की सेवा 24 नर्सेज करती है। आज के दिन प्रधानमंत्री, मुख्यमत्री और अधिकारी नर्सेज को बधाई देंगे और उनकी तारीफ करेंगे लेकिन जब वह अपना हक मांगेगी तो नहीं देंगे। पिछले छह महीने से ग्रह जनपद मैं तैनाती के लिए मंत्री ब्रजेश पाठक, महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, अपर मुख्य सचिव सभी सहमति दे चुके है लेकिन अभी तक शासनादेश तक नहीं किया है। कार्यक्रम में गीत प्रस्तुत किए तथा नर्सेज ने डांस करके धमाल किया ।कार्यक्रम मैं डॉक्टर पुष्पलता डॉक्टर नीलम रानी,डॉक्टर सुनीता कुमारी ,सतीश त्यागी प्रदेश उपाध्यक्ष राजकीय नर्सेज संघ उत्तर प्रदेश ,ममता सिंह,जैनवती,ऊषा सविता ,पूजा, मंजुला, नीरज,नीतू सुषमा,बिंदु, श्वेता,सुलेखा,संगीता, मनीषा, सोनी, नीलम, दीपिका, सुरभि, लक्ष्मी, रिंकी,  रिनी, इशिका, आशा शर्मा, कृष्णकांत, शैलेन्द्र,अखिल यादव आदि उपस्थित रहे।

कुटुंब संस्था के शिविर में 112 महिलाओं ने निःशुल्क स्वास्थ्य जांच कराई

 

मदर्स डे पर निःशुल्क महिला स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन

बाबा न्यूज

आगरा। मदर्स डे के अवसर पर महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कुटुंब (KUTUMB) संस्था और इंडिया राइजिंग के संयुक्त तत्वावधान में आनंद मंगल हॉस्पिटल, कमला नगर में निःशुल्क महिला स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया।

शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि, महिला शांति सेना की अध्यक्ष _श्रीमती वत्सला प्रभाकर_ ने किया। उन्होंने आयोजकों एवं चिकित्सकों की इस पहल की सराहना करते हुए कहा, “मदर्स डे पर महिलाओं के स्वास्थ्य को समर्पित यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है, क्योंकि स्वस्थ महिला ही स्वस्थ परिवार और समाज की आधारशिला है।
कुटुंब संस्था के संयोजक विदित सिंघल ने बताया कि शिविर में 112 महिलाओं ने निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं विशेषज्ञ परामर्श का लाभ उठाया। विशेषज्ञ डॉक्टरों ने महिलाओं को विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं पर उचित मार्गदर्शन दिया तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए प्रेरित किया।

इंडिया राइजिंग की अध्यक्षा संगीता राठौर ने आनंद मंगल हॉस्पिटल की पूरी चिकित्सा टीम, विशेष रूप से _डॉ. स्मिता राघव एवं डॉ. हेमंत बंसल_ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “डॉक्टरों के सहयोग के बिना इस प्रकार का सेवा कार्य संभव नहीं है। समाज के हर वर्ग तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।”

कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य लोगों ने इस बात पर जोर दिया कि ऐसे शिविर नियमित रूप से आयोजित होने चाहिए, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होकर स्वस्थ जीवनशैली अपना सकें।

इस अवसर पर तपस्या सिंह, अमित कोहली, आशीष बंसल, भूमिका बंसल, सूर्य देव, नितिन जौहरी, ज्योतिषा मित्तल, आकांक्षा अग्रवाल, पारुल अग्रवाल, रीना अग्रवाल, नूतन अग्रवाल, हर्षिता जायसवाल, पूजा भौमिक,अवधेश उपाध्याय, ब्रजेश प्रजापति, अमित कोहली,सूर्यदेव,निशा गुप्ता,वंदना कक्कड़, तरंग त्रिपाठी,शरद गुप्ता,संदीप सिंह, सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।