



सुरेश बघेल / बाबा न्यूज़
एत्मादपुर। पूरे प्रदेश में 24 घंटे से हो रही लगातार हो रही बरसात अब लोगों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। बरसात से शहर और देहात में जलभराव के हालात बन गए हैं। वही मकान भी गिरने लगे हैं । थाना एत्मादपुर क्षेत्र के गांव बास रिसाल में रविवार तड़के बारिश के कारण एक मकान के कमरे की छत भर-भराकर गिर गई। छत के मलबे में दबकर वृद्ध महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। वृद्धा के शव को मलबे से बाहर निकाला गया। सूचना पर पुलिस के साथ ही क्षेत्रीय विधायक धर्मपाल सिंह और तहसील प्रशासन के लोग मौके पर पहुंच गए। मृतक के परिवार को लोगों को उचित मुआवजे का आश्वासन दिया गया है।
रविवार सुबह 6 बजे गांव बास रिसाल निवासी 70 वर्षीय रामवती अपने कमरे में सो रही थीं। उसी समय अचानक मकान के कमरे की छत बारिश के चलते गिर गई। छत गिरने के साथ ही तेज आवाज हुई, जिसे सुनकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। आनन-फानन में वृद्ध महिला को मलबे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।