



प्रदूषण पर रोक लगाने का यह है प्लान
बाबा न्यूज
नयी दिल्ली। सियाम की ओर से एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें फ्लेक्स फ्यूल तकनीक से चलने वाले वाहनों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि फ्लेक्स फ्यूल से प्रदूषण में काफी कमी लाई जा सकती है। इसी के साथ इससे कच्चे तेल के दाम में आने वाले उतार-चढ़ाव से भी बचा जा सकता है।
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने फ्लेक्स फ्यूल को अपनाने की बात कही है। उन्होंने बताया कि देश में 40 फीसदी प्रदूषण सिर्फ जीवाश्म ईंधन से चलने वाले वाहनों से होता है। गडकरी ने कहा कि अगर देश में फ्लेक्स फ्यूल से वाहनों को चलाया जाए तो इससे प्रदूषण तो कम होगा ही साथ ही कच्चे तेल के दाम में आने वाले उतार-चढ़ाव से भी काफी राहत मिलेगी। उन्होंने उम्मीद भी जताई कि देश में जल्द से जल्द फ्लेक्स फ्यूल वाले वाहन आएंगे जिससे प्रदूषण में कमी आएगी।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि देश में ईथेनॉल वाले पेट्रोल को बड़ी मात्रा में बनाने की क्षमताओं का विस्तार किया जा रहा है। साथ ही सरकार ने 20 फीसदी ईथेनॉल वाले पेट्रोल को देशभर में शुरू करने समयसीमा को भी तय किया है। उनके मुताबिक साल 2023 से पूरे देश में 20 फीसदी ईथेनॉल वाला पेट्रोल मिलने लगेगा।
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने यह भी बताया कि देश में आॅटोमोबाइल सेक्टर के जरिए रोजगार के अवसर भी मिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि आॅटो सेक्टर देश में करीब चार करोड़ लोगों को रोजगार देता है। इस सेक्टर से ही सरकार को अधिकतम जीएसटी का भुगतान भी किया जाता है। इसके साथ ही देश में आॅटो कंपोनेंट्स के निर्यात की भी अपार संभावनाएं हैं।