



परिजनों ने काफी खोजबीन करने के बाद गुमशुदगी दर्ज करायी
महावीर सिंह वर्मा/ बाबा न्यूज
फतेहपुरसीकरी। जनपद के थाना क्षेत्र सीकरी में एक युवक लापता हो गया। परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद थाना फतेहपुर सीकरी में गुमशुदगी दर्ज करायी है। युवक भरतपुर के नदवई राजस्थान से अपनी बाइक से मजदूरी कर लौट रहा था। इसी बीच वह कहीं गायब हो गया, तब से घर नहीं पहुंचा।
थाना फतेहपुर सीकरी के गांव हंसपुरा निवासी 30 वर्षीय पॉप सिंह पुत्र सोनी सिंह राज मिस्त्री का काम करता है। लगभग 15 दिन पहले राजस्थान के भरतपुर के पास नदवई में वह मजदूरी करने गया था। परिजनों ने बताया कि बीते शुक्रवार को पॉप सिंह ने शाम करीब 6 बजे फोन करके घर आने को बोला था। लेकिन अभी तक वह घर नहीं पहुंचा। जब बहुत ज्यादा देर होने पर भी कोई सूचना नहीं मिली तो परिजनों ने खोजबीन शुरू कर दी। साथ ही उन्होंने पॉप सिंह के साथ काम करने वालों और ठेकेदार से भी फोन कर पूछा।
उन्होंने बताया कि वह यहां से वह अपनी बाइक लेकर घर के लिए निकल गया था। ठेकेदार ने बताया कि वह 1500 रुपये लेकर घर के लिए निकला था। इसके अलावा किसी को कोई जानकारी नहीं है। वहीं अनहोनी की आशंका व्यक्त करते हुए परिजनों ने काफी खोजबीन करने के बाद थाना फतेहपुर सीकरी में गुमशुदगी दर्ज करायी। साथ ही जल्द ही युवक को सकुशल ढूंढने की गुहार लगाई। थाना प्रभारी ने कहा कि युवक को जल्द ही सकुशल ढूंढ लिया जाएगा।