



स्वतंत्रता सेनानी सेठ अचल सिंह को कृतज्ञ शहर वासियों ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि
बाबा न्यूज
आगरा। स्वतंत्रता सेनानी, पूर्व सांसद और समाजसेवी भामाशाह सेठ अचल सिंह की 129 वीं जयंती पर सेठ जी द्वारा जन सेवा के लिए स्थापित अचल ट्रस्ट का वार्षिक समारोह रविवार शाम दरेसी स्थित अचल भवन में आयोजित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि, पूर्व केंद्रीय मंत्री रामजीलाल सुमन और समारोह-अध्यक्ष व अचल ट्रस्ट के सह सचिव शशि शिरोमणि ने सेठ अचल सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण, पुष्पांजलि और समक्ष दीप जलाकर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया।
इस दौरान गणमान्य जनों के साथ कृतज्ञ शहरवासियों ने भी सेठ जी का भावपूर्ण स्मरण करते हुए उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
समारोह में अतुल ग्रुप आॅफ इंडस्ट्रीज के चेयरमैन, हेल्प आगरा के अध्यक्ष व माया मित्तल चेरिटेबल सोसाइटी के संस्थापक समाज सेवी-उद्यमी रामशरण मित्तल को वर्ष 2022-23 का श्रेष्ठ सदाचारी नागरिक सम्मान सम्मान प्रदान किया गया।
श्री राम शरण मित्तल ने सम्मान स्वरूप प्राप्त 31 हजार रुपए का चेक हेल्प आगरा को सामाजिक कार्यों के लिए प्रदान कर दिया। समारोह में 98 वर्षीय वयोवृद्ध कांग्रेसी एवं समाजसेवी रूप नारायण शर्मा को भी उनकी दीर्घकालीन सेवाओं के लिए अचल ट्रस्ट द्वारा सम्मानित किया गया।
इस मौके पर मुख्य अतिथि, पूर्व केंद्रीय मंत्री रामजीलाल सुमन ने कहा कि सेठ जी का जीवन सदैव परोपकार, सदाचार और जन सेवा को समर्पित रहा। उनके द्वारा स्थापित अचल ट्रस्ट आज जनसाधारण के अनेक क्षेत्रों में महत्वपूर्ण सेवा कार्य कर रहा है।
इससे पूर्व बीडी जैन कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने वंदे मातरम और स्वागत गान प्रस्तुत किया। सचिव राजीव अग्रवाल ने अचल ट्रस्ट की वार्षिक रिपोर्ट पेश की। उपमंत्री शशि शिरोमणि ने स्वागत भाषण दिया। ट्रस्टी मनोज जैन बोहरा ने प्रशस्ति पत्र का वाचन किया। ट्रस्टी अशोक राठी ने सबका आभार व्यक्त किया।
समारोह का संचालन सामाजिक कार्यकर्ता हरीश चिमटी ने किया। अतिथियों का स्वागत कोषाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह बोहरा, मालचंद जैन, मनोज बोहरा, संजीव सिंह, ऋषभ बोहरा, पीसी नरवार, आईडी श्रीवास्तव, मोहम्मद हबीब कुरेशी, राम वकील धाकरे, विमल नारायण शर्मा, शांति स्वरूप गोयल, जेपी बागला, अशोक अग्रवाल, डॉ. श्री भगवान शर्मा, डॉ. मधुरिमा शर्मा, शमी आगाई और वासु जैसवाल ने किया।
समारोह में डॉक्टर एमसी गुप्ता, राम टंडन, क्षेत्रीय पार्षद अनुराग चतुवेर्दी, नवीन चंद्र शर्मा, आरती शर्मा और अपूर्व शर्मा की सहभागिता भी उल्लेखनीय रही।