



छह दिन पूर्व भागवत कथा में वीडियोग्राफी करने आया था
पुलिस ने गोताखोरों की मदद से चलाया रेस्क्यू आॅपरेशन
अंकुर तिवारी/ बाबा न्यूज
बाह। तीर्थ धाम बटेश्वर में अपने साथियों के साथ बटेश्वर दर्शन करने आया युवक यमुना नदी में गहरे पानी में नहाते समय डूबकर लापता हो गया। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और मोटरबोट की मदद से युवक को नदी से निकालने के लिए आॅपरेशन चलाया मगर कोई सुराग नहीं लगा है। जिससे परिजनों में कोहराम मच गया है।
आशीष पुत्र श्री निवास उम्र करीब 22 वर्ष, निवासी गांव नगला मोती फिरोजाबाद भागवत कथा मंडली टीम के साथ वीडियोग्राफी का काम करता है। छह दिन पूर्व बाह क्षेत्र के गांव किन्दरपुरा में जितेंद्र सिंह के यहां चल रही भागवत कथा में अपनी टीम के साथ वीडियोग्राफी करने के लिए आया था। भागवत कथा शुरू होने से पहले ही वह अपने साथी भानु पुत्र दीपचंद उम्र 20 वर्ष, निवासी फिरोजाबाद,मोहित पुत्र किशन उम्र 21 वर्ष, निवासी हलपुरा फिरोजाबाद,श्याम पुत्र राजवीर उम्र 24 वर्ष, निवासी सिरसागंज फिरोजाबाद, हैप्पी शर्मा पुत्र और राम भरत उम्र 17 वर्ष निवासी शिकोहाबाद, बंटू पुत्र स्वामी दयानंद उम्र 21 वर्ष निवासी वृंदावन मथुरा, के साथ बटेश्वर में दर्शन एवं पूजा अर्चना करने के लिए पहुंचे थे। सभी साथी यमुना नदी में स्नान करने लगे एक साथी किनारे पर कपड़ों के पास बैठा रह गया। तभी आशीष नदी के गहरे पानी में जाने पर डूबने लगा। आवाज सुनकर अन्य साथियों से बचाने का प्रयास करने लगे और गहरे पानी में डूबने लगे। चीखने चिल्लाने पर वहां मौजूद नाविकों ने यमुना नदी में कूदकर अन्य युवकों को गहरे पानी में जाने से सुरक्षित बाहर निकाला। मगर आशीष गहरे पानी में डूब कर लापता हो गया। कई घंटे तक गोताखोरों ने नदी के पानी की खाक छानी मगर देर शाम तक युवक का कोई पता नहीं चल सका। वही सूचना पर पहुंचे परिजनों में घटना से कोहराम मच गया है। मंगलवार को सुबह डूबे हुए युवक को निकालने के लिए दोबारा से रेस्क्यू आॅपरेशन चलाया जा रहा है।