



नयी दिल्ली। आॅस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज सीरीज का दूसरा टेस्ट लॉर्ड्स में खेला जा रहा है। मैच के चौथे दिन मैदान पर एक ऐसा नजारा दिखा जिसने वहां बैठे सभी दर्शकों को खड़े होने पर मजबूर कर दिया। आॅस्ट्रेलिया के चोटिल खिलाड़ी नाथन लियोन आखिरी बल्लेबाज के रूप में क्रीज पर उतरे। वह लंगड़ाते हुए मैदान पर आए। उनके लिए लॉर्ड्स में आॅस्ट्रेलिया और इंग्लैंड दोनों टीमों के फैंस ने खड़े होकर तालियां बजाईं।
आॅस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस जब आठवें बल्लेबाज के रूप में आउट हुए तो जोश हेजलवुड क्रीज पर उतरे। ऐसा माना जा रहा था कि लियोन चोट के कारण क्रीज पर नहीं उतरेंगे। वह एक दिन पहले ही बैसाखी के सहारे चलते नजर आए थे। उन्होंने चोट के बावजूद बल्लेबाजी करने का फैसला किया और पैड पहनकर तैयार हो गए। उनकी तस्वीर स्क्रीन पर देखने के बाद फैंस हैरान हो गए।
हेजलवुड जब नौवें बल्लेबाज के रूप में आउट हुए तो लियोन ने मैदान पर आने के लिए धीरे-धीरे आगे बढ़ने लगे। वह लंगड़ाते हुए चल रहे थे। उनकी हिम्मत और जज्बे को देखकर लॉर्ड्स बैठे सभी दर्शक खड़े हो गए। लियोन के लिए सबने तालियां बजाईं। वह दर्द के बावजूद रन के लिए दौड़े। यहां तक कि उन्होंने ब्रॉड की गेंद पर एक चौका भी लगाया। लियोन के चौका लगाते ही एक बार फिर स्टेडियम गूंजने लगा। सभी ने फिर से खड़े होकर उनके लिए तालियां बजाईं।