



बाबा न्यूज
आगरा। जनपद न्यायालय परिसर में स्टांप वेंडरों ने हड़ताल कर दी। यह हड़ताल आगरा समेत उत्तर प्रदेश के सभी न्यायालयों में की गई। प्रदेश के करीब 25,000 वेंडर्स ने अपनी कई मांगों के समर्थन में हड़ताल की। जिसकी वजह से दीवानी में स्टांप व शपथ पत्र बनवाने के लिए आने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उन्हें निराश होकर वापस जाना पड़ा।
राजेश गोयल ने बताया कि स्टॉक होल्डिंग अपनी मनमानी कर रही है। सरकार की तरफ से हमें स्टांप पर एक पर्सेंट कमीशन दिया जाता था। लेकिन स्टॉक होल्डिंग हमें 0.94% कमीशन दे रही है और इस पर जीएसटी भी लगा दी गई है। साथ ही इसके बाद हम जब बैंक में पैसे जमा करने जाते हैं तो बैंक भी अपना चार्ज काटती है।
इसके अनुसार हमें घाटा हो रहा है। वहीं उन्होंने बताया कि अगर कोई स्टांप खराब हो जाता है तो दूसरा स्टांप रिप्रिंट नहीं होता। ऐसे में जब हम स्टॉक होल्डिंग को शिकायत करते हैं तो वह ₹500 तक के स्टांप पर कोई कार्रवाई नहीं करते और 500 से ऊपर के स्टांप पर 24 घंटे का समय देते हैं। ऐसे में हमारा स्टांप भी खराब हो जाता है।
बताया कि अगर बड़े स्टांप पर कोई स्पेलिंग मिस्टेक हो जाती है तो उस पर हमें 10% पैसा कट कर मिलता है। इसमें करीब 2 महीने का समय लगता है। करीब 10 परसेंट रिश्वत भी देनी पड़ती है। इसकी वजह से हमारा कमीशन भी गया, पैसा भी गया और मानसिक परेशानी भी होती है। वहीं जो स्टांप मिल रहे हैं, उन पर कोई बारकोड या सुरक्षा फीचर नहीं है। जिसकी वजह से ग्राहक हमसे स्टांप लेकर कई बार उसकी फोटो कॉपी कर प्रयोग करता है।
रामबाग क्षेत्र से स्टांप और कोर्ट फीस के लिए दीवानी पहुंचे योगेश सिकरवार ने बताया कि सुबह से दीवानी में घूम रहे हैं। लेकिन स्टांप वेंडर की हड़ताल के चलते कोई काम नहीं हो पा रहा। उन्हें दीवानी में आने के बाद ही स्टांप वेंडर की हड़ताल के बारे में पता चल सका। इसके अलावा सैकड़ो ऐसे लोग थे जो शपथ पत्र व अन्य स्टांप से संबंधित काम के लिए दीवानी आए थे। उन्हें भी निराश होकर वापस लौटना पड़ा।