



तीन मार्च को आगरा के 16, फिरोजाबाद ने नौ बूथों पर होगा मतदान
बाबा न्यूज
आगरा। आगरा-फिरोजाबाद विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) के लिए शुक्रवार, आज से कलेक्ट्रेट में 11 बजे से नामांकन होंगे। 11 फरवरी तक पर्चे भरे जाएंगे। तीन मार्च को आगरा के 16 और फिरोजाबाद के नौ बूथों पर सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। इस बार भाजपा, सपा व अन्य दलों ने अभी तक प्रत्याशी घोषित नहीं किए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी और डीएम प्रभु एन सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी न्यायालय कक्ष में सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक पर्चे जमा होंगे। प्रत्याशी के साथ दस प्रस्तावकों को नामांकन कक्ष में प्रवेश की अनुमति होगी। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। कलेक्ट्रेट परिसर में कड़े सुरक्षा इंतजाम रहेंगे। परिसर में बैरिकेडिंग कराई गई है। एडीएम प्रोटोकॉल हिमांशु गौतम एवं सिटी मजिस्ट्रेट फिरोजाबाद को एआरओ नामित किया है। उन्होंने बताया कि चार से 11 तक नामांकन होंगे।14 फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 16 फरवरी को नाम वापसी का मौका मिलेगा। तीन मार्च को मतदान सुबह आठ से शाम चार बजे तक होगा। अंत में 12 मार्च को मतगणना होगी।
उन्होंने बताया कि स्थानीय प्राधिकारी एमएलसी चुनाव के लिए आगरा में 16 बूथ हैं। जहां 2324 मतदाता हैं। फिरोजाबाद में नौ बूथ हैं। जहां 1601 मतदाता हैं। आगरा व फिरोजाबाद दोनों जगह कुल 3925 मतदाता हैं। जिनमें 2320 पुरुष एवं 1605 महिला सदस्य मतदाता हैं।
आगरा जनपद में 15 ब्लॉक पर पोलिंग बूथ हैं। जहां नगर पंचायत या नगर पालिका एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य मतदान करेंगे। एक बूथ नगर निगम में होगा। जहां नगर निगम के पार्षदों के अलावा जिला पंचायत सदस्य एवं स्वामी बाग नगर पंचायत के सदस्य मतदान करेंगे। तीन मार्च को मतपत्रों से मतदान होगा। 12 मार्च को शाहदरा स्थित मंडी समिति में मतगणना होगी।