



सैफई परिवार का करीबी मनोज यादव इस पूरे खेल में शामिल
बाबा न्यूज
आगरा। जनपद के थाना क्षेत्र जगदीशपुरा में करोड़ों रुपए की जमीन पर कब्जे में बीते दिनों कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय का नाम आ रहा था। इस मामले में मंत्री ने आखिरकार सोमवार को अपनी चुप्पी तोड़ी। उन्होंने मीडिया के सामने अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि जिस एग्रीमेंट में उनकर नाम आ रहा है, वो एग्रीमेंट उस समय मियाद पूरी होने पर खत्म हो गया था। उनका इस जमीन पर अब कोई लेना देना नहीं है। यह जमीन उनके परिचित नेमीचंद जैन की है। पुलिस ने जमीन पर गलत कब्जा कर दिया है।
कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि 20 साल पहले जमीन एग्रीमेंट में उनका नाम आया था। मगर, वह एग्रीमेंट एक साल बाद ही रद्द हो गया था। अब उनका इस जमीन से कोई लेना-देना नहीं है। यह जमीन उनके परिचित नेमीचंद जैन की है। नेमीचंद जैन की जमीन को फर्जी तरीके से बेचा जा रहा है। पूरा खेल सपा परिवार के करीबी मनोज यादव खेल रहे हैं। उन्होंने चौकीदार रवि कुशवाह के परिवार से साठगांठ करके जमीन बेच दी है। टहल सिंह और उनके परिवार के लोग जमीन के मालिक नहीं है। उनके द्वारा गलत तरीके से जमीन बेची जा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि यहां पर रवि कुशवाहा पहले भी शराब बेचता था। पूर्व में उसके खिलाफ एफआईआर हुई थी। उन्होंने रवि और उसके परिवार पर दर्ज फर्जी मुकदमे पर गोल मोल जवाब दिया। उन्होंने कहाकि ये जांच का विषय है। पुलिस इसकी जांच करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़ित परिवार बिक गया है। वही अवैध कब्जा कर रहा है। उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
पुलिस ने चौकीदार के परिवार को ही फिर से कब्जा दिला दिया। जबकि, इस पर नेमीचंद जैन अपना कब्जा ले चुके थे। हालांकि वह यह जवाब नहीं दे सके कि आखिर जब नेमीचंद जैन उनके परिचित हैं, उसने कब्जा ले लिया तो फिर दोबारा से सपा परिवार पर वह क्यों आरोप लगा रहे हैं। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सैफई परिवार का करीबी इस पूरे खेल में शामिल है।