



पुलिस ने 24 घंटे में लूट के प्रयास का किया पर्दाफाश
वारदात में एक बाल अपचारी और नौकर भी शामिल था
मनीष मिश्रा/ बाबा न्यूज
खेरागढ़। कस्बे में बीते रोज हाईवेयर कारोबारी के घर में लूट के इरादे से आये बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। लूट के प्रयास में चार लोग शामिल थे। इसमें व्यापारी का नौकर भी है। इसके अलावा एक बाल अपचारी भी है। यह जानकारी एसीपी इमरान अहमद ने दी है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की धरपकड़ के लिए घेराबंदी करनी शुरु कर दी थी। नवागत थाना प्रभारी इंद्रजीत सिंह ने अपने साथियों के साथ टीम को लगा दिया था। पुलिस की टीम ने कुसियापुर बार्डर के पास से अभियुक्तों को पकड़ लिया। पकड़े गये लोगों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।
बताते है कि नगला उदईया मार्ग स्थिति चौहान गली में 29 दिसंबर की दोपहर डेढ़ बजे के लगभग नकाबपोश तीन अज्ञात बदमाश राष्ट्रीय स्वय सेवक संघ के पूर्व सह संघ चालक गिर्राज किशोर सिंघल के घर लूट के इरादे से घुस आए थे। उक्त बदमाशों ने घर में बच्चों के साथ मौजूद अकेली गिर्राज किशोर सिंघल की पुत्र वधू दया सिंघल को हथियार के बल पर डरा धमकाकर लूटने का प्रयास किया था। इसमें दया की हिम्मत से बदमाशों का दुस्साहस टूट गया, जिससे बदमाश भाग गए थे। उक्त घटना को लेकर कस्बे में सनसनी फैल गई थी। इतने बड़े घटनाक्रम को लेकर नवांगतुक थाना प्रभारी इंद्रजीत सिंह भी सकते में आ गए थे, लेकिन थाना प्रभारी के कुशल नेतृत्व और उनकी टीम ने 24 घंटे के भीतर ही लोकेंद्र,अयान और आदित्य को खैरागढ़ थाना क्षेत्र के कुसियापुर के राजस्थान बॉर्डर पर धर दबोचने में कामयाबी हासिल की है। बताते चले कि अयान गिर्राज किशोर के यहां पूर्व में अलमारी का कार्य करता था। जिसका घर में आना जाना भी रहा था। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गिर्राज किशोर को आयान को उसके चाल ढाल और हुलिया के आधार पर पहचान लिया था। घटनाक्रम का खुलासा करते एसीपी इमरान अहमद ने बताया कि इस घटना में तीन नहीं चार बदमाश शामिल थे। जिसमें एक अमान भी था। पकड़े गए बदमाशों को लेकर पंजीकृत मुकदमे के आधार पर कार्यवाही की जा रही है।