



थाने के सामने लोक लज्जा का ध्यान रख पुलिस ने किया सराहनीय कार्य, महिला ने लड़के को दिया जन्म
अवधेश तोमर /बाबा न्यूज
पिनाहट। पुलिस कमिश्नर जे रविंद्र गोड़ के आदेश के बाद एक तरफ पुलिस थाना परिसरो में पहुंचने वाले फरियादियों को आदर सत्कार करते हुए नमस्कार करती हुई दिख रही है। तो वहीं पुलिस में भी बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। वह जनता के बीच अच्छे से पेश आ रहे हैं। इससे जनता और पुलिस की दूरी भी कम होती जा रही है। वहीं पिथौरा पुलिस का बीते रोज मानवीय चेहरा देखने को मिला। देर शाम को गर्भवती महिला आरती पत्नी मुकेश कुमार निवासी गांव पिढौरा घूमने के लिए निकली थी। तभी थाने के सामने ढलान पर चढ़ते समय वह अचानक थक गई और थाने के सामने चक्कर आते गिर पड़ी। महिला को देखकर महिला दरोगा और पुलिसकर्मी एकत्रित हो गए। महिला दरोगा दीक्षा यादव और दीपिका सिंह ने महिला को देखा तो वह प्रसव की हालत में थी। थाना प्रभारी हरीश कुमार शर्मा ने तत्काल दोनों तरफ रास्ते करीब आधे घंटे तक रुकवाया दिया और लोक लज्जा को ध्यान में रखते हुए कंबलों का घेरा बनावाया। महिला दरोगा और महिला पुलिसकर्मियों ने मौके पर स्थिति को संभाला। पुलिसकर्मी तत्काल गांव की दाई महिला अंगूरी देवी को लेकर पहुंचे। दोनों महिला दरोगाओं की मदद से गर्भवती महिला आरती का सुरक्षित प्रसव कराया। महिला ने थाने के सामने ही एक लड़के को जन्म दिया।थाना परिसर में ले जाकर जच्चा बच्चा का पूरा ख्याल रखते हुए खाने-पीने का भी इंतजाम किया गया। सरकारी मोबाइल गाड़ी से महिला आरती और उसके नवजात बच्चे को सुरक्षित गांव में उसके घर पहुंचाया गया। पुलिस के मानवीय चेहरा और जच्चा बच्चा को सुरक्षित पाकर परिवार के लोगों सहित गांव के लोगों द्वारा पुलिस के कार्य की जमकर सहन करते हुए धन्यवाद दिया गया। थाने के सामने अचानक जन्मे बच्चों का नाम परिजनों ने अब थान सिंह रख दिया है। पुलिस के कार्य की क्षेत्र में चर्चा होते हुए सराहना की जा रही है।
थाना प्रभारी हरीश कुमार शर्मा ने बताया कि थाने के सामने ही अचानक महिला का प्रसव होने लगा था। महिला दरोगाओं ने स्थिति संभाली और दाई को बुलाकर लोक लज्जा को ध्यान में रखते हुए महिला का सुरक्षित प्रसव हुआ। जच्चा और बच्चा को सरकारी गाड़ी से घर पहुंचा दिया गया था।