



सुरेश् बघेल/ बाबा न्यूज
एत्मादपुर (आगरा)। विद्युत सब स्टेशन कुबेरपुर के अवर अभियंता (जेई) केतकार सिंह पर सोमवार की शाम हमला करने वालों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मंगलवार की दोपहर विभागीय कर्मचारी सभी कामकाज ठप कर उपखंड अधिकारी के कार्यालय पर धरना देने बैठ गए। बिजली कर्मचारियों के आंदोलित होने पर पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। तहसीलदार धरने पर पहुंच गए। उन्होंने कर्मचारियों को समझाया तो दो घंटे बाद ही धरना समाप्त हो गया। इसी दौरान पुलिस ने भी मुकदमे के दोनों मुख्य आरोपी हमलावरों को दबोच लिया। उल्लेखनीय बात यह रही कि आंदोलित कर्मचारियों ने जनहित में विद्युत सप्लाई सुचारू रखी।
कुबेरपुर विद्युत सब स्टेशन के अवर अभियंता केतकार सिंह सोमवार की शाम को कार्यालय में बैठे थे। उनके सरकारी नंबर पर धौर्रा गांव के बंद पडे़ ट्रांसफार्मर को लेकर फोन आया। उन्होंने सच्चाई बताई तो गाली-गलौज की गई। कुछ देर बाद चार युवक बाइकों से सब स्टेशन पर आए और हंगामा करते हुए अभिलेख फाड़कर फेंक दिए। फर्नीचर तोड़ डाला। उन्होंने विरोध किया तो कुर्सी उठाकर सिर में मार दी। कर्मचारियों ने हस्तक्षेप किया तो हमलावर भाग गए। जेई की तहरीर मिलने पर पुलिस ने धर्मेंद्र यादव और विजयपाल उर्फ पिस्सू निवासी गांव धौर्रा और उनके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ रात को ही मुकदमा दर्ज कर लिया। इधर मंगलवार की दोपहर जेई के हमलावरों की गिरफ्तारी को लेकर तहसील क्षेत्र के सभी बिजली कर्मचारी उपखंड अधिकारी देवेंद्र सिंह के कार्यालय के सामने कामकाज छोड़कर धरने पर बैठ गए। उपखंड अधिकारी मौके पर थे तो तहसीलदार ब्रह्मनंद कठेरिया भी पहुंच गए। अफसरों के भरोसे पर कर्मचारियों ने दो घंटे बाद धरना समाप्त कर दिया। इधर दवाब में आई पुलिस ने भी तत्परता दिखाई और उसने कुछ देर बाद ही दोनों मुख्य आरोपियों धर्मेंद्र यादव और विजयपाल को गिरफ्तार कर लिया।