



आगरा कॉलेज में चल रही है आराध्य चित्रकला प्रदर्शनी
कलाकारों के उत्साहवर्धन के लिए आयोजन जरुरी: डॉ. सुनीता यादव
बाबा न्यूज
आगरा। आराध्य अंतराष्ट्रीय चित्रकला प्रदर्शनी के तीसरे दिन भी कला शौकीनों का आगमन जारी रहा। एक और आगरा कॉलेज आगरा के चित्रकला विभाग की वरिष्ठ शिक्षिका मनीषा दोहरे के ग्राफिक्स साउंड आॅफ साइलेंस एंड सेल्फ रियलाइजेशन ने दर्शकों को जीवन का एक अलग रंग दिखाया। अलीगढ़ से आई आर्टिस्ट बरखा के रंग बिरंगे फूलों की खूबसूरती ने युवाओं को खूब आकर्षित किया। बैकुंठी देवी गर्ल्स कॉलेज के चित्रकला विभाग की विभाग अध्यक्ष बिंदु अवस्थी के जल चित्र ट्रांसपेरेंसी ने आधुनिक चित्रकला की तकनीकी को दिखाया। हरियाणा से आए आर्टिस्ट लक्ष्य सिंघल ने पेंसिल कलर से शेर के बालों को इतनी नजाकता से पेपर पर उभारा कि मानो शेर की फोटो प्रति हो। मुस्लिम कॉलेज बदायूं की वरिष्ठ शिक्षिका और आर्टिस्ट डॉ. आभा ने संयोजिका के प्रयास को सहारते हुए कहा कि इस तरह के बड़े प्रयास से प्रदेश में चित्रकला का और अधिक प्रभाव बढ़ेगा। उनकी कृति कृष्ण ने भी लोगों को खूब सम्मोहित किया। ललित कला संस्थान के शिक्षक डॉ.शार्दुल मिश्र की कृति ने कला कृतियों में छुपे तकनीकी बारीकियों को कला छात्रों को समझाया। वहीं रश्मि सक्सेना नेअपनी पेंटिंग में जीवन चरित्र को उभार के रख दिया।अनंता शांडिल्य की अर्चना ने शिव के नंदी को बड़ी खूबसूरती से दिखाया। कलाकार सादाराम जी द्वारा बनाई गई कृति ने सबका मन मोह लिया। अलीगढ़ की वरिष्ठ शिक्षिका एवं आर्टिस्ट नीलम मोहन एवं अनुपम राघव ने अलीगढ़ से आकर अपनी पेंटिंग की बारीकियों से कॉलेज के छात्रों को रूबरू कराया। रश्मि सक्सेना, मेरठ की श्रुति यादव के राधा कृष्ण की कृति, उदयपुर से आए वरिष्ठ कलाकार सुबोध रंजन के ग्राम दृश्य ने भी लोगों को खूब आकर्षित किया। प्रदर्शनी की संयोजिका डॉ. सुनीता यादव ने बताया डॉ.अनुसूया सिंह इस प्रदर्शनी की वजह से हॉस्टल टैक्सास यूएसए से इंडिया आई। कई लोगों ने यह इंटरेस्ट दिखाया कि ऐसे प्रोग्राम जल्दी-जल्दी कराए जाएं। प्रदर्शिनी में दिनेश कुमार मौर्य, रश्मि शर्मा, ईशु यादव, गोविंदराम आदि आर्टिस्ट लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। संयोजिका डॉ सुनीता यादव ने कहा कि इस तरह के और भी आयोजन किए जा सकते हैं यदि कोई सरकार से ग्रांट मिले, जो कलाकारों के उत्साहवर्धन के लिए बहुत आवश्यक है।