



राज कुमार इन्दोलिया / बाबा न्यूज
आगरा। जनपद के थाना शाहगंज क्षेत्र में महिला लेखपाल पर तहसील जाते समय तेजाब से हमला किया गया। हमले में वह बाल-बाल बच गई। पीड़िता के मोबाइल पर तेजाब के कुछ छींटे पड़े। पीड़िता की शिकायत पर शाहगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
महिला लेखपाल थाना शाहगंज क्षेत्र की रहने वाली है। दो सितंबर को सुबह नौ बजे महिला लेखपाल तहसील जाने के लिए घर से निकली थीं। पृथ्वीनाथ फाटक से पहले गांव कराहरा थाना मलपुरा निवासी नरेश कुमार घात लगाकर बैठा हुआ था। उसने रास्ते में महिला लेखपाल को रोक लिया। वह बचकर जाने लगी, लेकिन आरोपित ने महिला लेखपाल का हाथ पकड़ लिया और अश्लील हरकत करने लगा। महिला लेखपाल ने शोर मचाना शुरू कर दिया, लेकिन आरोपित उसे खींचकर वहां से ले जाने लगा। महिला ने खुद को किसी तरह आरोपित के चंगुल से छुड़ा लिया, तो उसने महिला पर तेजाब उड़ेल दिया। महिला बाल बाल बच गईं। तेजाब के छींटे महिला के मोबाइल पर गिरे, जिससे वह बुरी तरह घबरा गई। इस दौरान आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग निकला। पीड़ित महिला थाना शाहगंज पहुंची और पुलिस को आपबीती बताई।
घटना से महिला लेखपाल काफी भयभीत हैं। वह नौकरी पर जाने से भी डर रही हैं। उन्हें डर है कि आरोपित दोबारा हमला कर सकता है। एक साल पहले नरेश ने उनसे छेड़छाड़ की थी, जिसके बाद उन्होंने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। ये मामला कोर्ट में विचाराधीन है।
इंस्पेक्टर शाहगंज जसवीर सिंह सिरोही ने बताया कि महिला की तहरीर पर छेड़छाड़, जान से मारने की धमकी और एसिड फेंकने के प्रयास की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पूर्व में भी आरोपित के खिलाफ पीड़िता ने मुकदमा दर्ज कराया था। जांच की जा रही है। उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। अभी इस मामले में आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।