



बाबा न्यूज
आगरा। जनपद के थाना मलपुरा क्षेत्र में 20 वर्षीय युवक रजत चाहर की जान के पीछे एक खतरनाक सांप पड़ा हुआ है। पिछले 10 दिनों में बीती रात छठवीं बार सांप ने रजत पर फिर से हमला किया। रात को सोते समय सांप ने उसके पैर में काट लिया। सांप के काटते ही रजत को करंट सा लगा। वह जोर-जोर से चीखने लगा। आवाज सुनकर परिवार के लोग उसके कमरे में पहुंच गए। रजत के पैर से खून निकल रहा था। परिवार के लोगों ने तत्काल ही उपचार के लिए गांव के ही वैध को बुलाया। समय रहते रजत की जान एक बार फिर बच गई, लेकिन अब परिवार घर में घुसने से भी डर रहा है।
आगरा के दक्षिणी बाईपास स्थित थाना मलपुरा क्षेत्र के मनकेड़ा गांव का रहने वाला 20 वर्षीय युवक रजत चाहर स्नातक का छात्र है। परिवार के लोगों ने बताया कि रजत सोमवार की रात अपने कमरे में सो रहा था। रात करीब दो बजे सांप ने रजत को एक बार फिर से शिकार बनाते हुए उसके बाएं पैर में काट लिया। जिसके बाद पीड़ित परिवार में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के तुरंत बाद एक बार फिर गांव के ही वैद्य को बुलाया गया। रजत चाहर को रात में ही जड़ी बूटियां पिलाई गईं, इसके बाद रजत की तबीयत तो नहीं बिगड़ी, लेकिन परिवार के होश उड़े हुए हैं। परिवार के लोग आखिर इस रहस्यमई घटना के बाद काफी चिंतित हैं।