



ग्रामीणों ने गांव से मुर्गी और अंडा फार्म हटवाने की लगाई प्रशासन से गुहार
शशिकान्त गुप्ता /बाबा न्यूज
एत्मादपुर। सावधान! मक्खी और मच्छरों के हमला करने के लिए झुंड घरों की ओर बढ़ रहे हैं। आलम यह है कि मक्खियों और मच्छरों के आतंक से परेशान ग्रामीण पलायन करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने गांव से पाॅल्ट्री फार्म हटवाने की मांग प्रशासन से की है। यह मामला है एत्मादपुर तहसील के गांव अरेला का। यहां गांव में मुर्गी पालन और अंडा फार्म है। इसकी निकलने वाली गंदगी से मक्खियों और मच्छरों की फौज पनप रही है। आलम यह है कि मक्खी और मच्छरों के प्रकोप से ग्रामीणों का जीना दूभर हो गया है। संक्रमण फैलने की आशंका से ग्रामीण डरे-सहमे रहते हैं। ग्राम प्रधान प्रियंका सिंह ने सम्पूर्ण समाधान दिवस पर की शिकायत में गांव के बाहर मुर्गी पालन और अंडा फार्म को हटवाने की मांग करते हुए चेतनानी दी अगर गांव में संक्रमण फैलता है तो उसके लिए प्रशासन जिम्मेदार होगा।
बड़ी-बड़ी मक्खियां फैला रहीं दहशत
गांव अरेला में पाॅल्ट्री फार्म की वजह से अचानक बड़ी-बड़ी मक्खियां पैदा हो गई हैं। इन मक्खियों के झुंडों की भिनभिनाहट से ग्रामीणों में दहशत पैदा हो गई है। ग्रामीण बुरी तरह सहमे हुए हैं।