



अंतिम संस्कार को लेकर बेटों में हुआ विवाद
बाबा न्यूज
आगरा । सिकंदरा के कैलाश स्थित रामलाल वृद्ध आश्रम में 87 साल की वृद्धा की मंगलवार को दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। जानकारी होने पर पहुंचे बेटों में अंतिम संस्कार के लिए मां का शव ले जाने के लिए विवाद की स्थिति पैदा हो गई। आश्रम प्रबंधन की सूचना पर पहुंची पुलिस के हस्तक्षेप से बेटे और बेटियों के बीच का विवाद सुलझ सका। लोहामंडी के नया बांस की रहने वाली 87 साल की वृद्धा राम दुलारी पत्नी कन्हैया लाल अग्रवाल चार साल से आश्रम में रही थीं। आश्रम संचालक शिव प्रसाद शर्मा ने बताया कि इस दौरान उनसे मिलने कुछ ही बार स्वजन आए होंगे। मंगलवार की सुबह राम दुलारी का दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। वृद्धा के तीन बेटे व दो बेटी हैं। सूचना देने पर मंझला व छोटा बेटा और बेटी सुबह करीब नौ बजे आश्रम पहुंच गईं।
शिव प्रसाद शर्मा ने बताया वृद्धा के शव को अंतिम संस्कार के लिए अपने साथ ले जाने के लिए बेटों में विवाद होने लगा। दोनों मां के शव को अपने साथ ले जाने की कहने लगे। उधर, बेटी व दामाद भी वृद्धा के शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने की कह रहे थे। आश्रम प्रबंधन ने उन्हें समझाने का प्रयास किया। विवाद शांत नहीं होने पर पुलिस को सूचना दे दी।
सिंकदरा थाने की पुलिस पहुंच गई। पुलिस व आश्रम प्रबंधन द्वारा लगभग तीन घंटे चले प्रयास के बाद बेटों व बेटी को राजी किया जा सका। पुलिस ने परिवार को इस बात पर राजी किया कि एक बेटा घर शव लेकर जाएगा। दूसरा बेटा अंतिम संस्कार करेगा। जबकि तीसरा बेटा उठावनी करेगा। अब तीनों लड़के अपनी माता का अंतिम संस्कार अलग-अलग करेंगे।