



हमारी पसंद का जिलाध्यक्ष नहीं बना तो…आंखें निकाल लेंगे’:
भाजपा विधायक का ऑडियो वायरल
बाबा न्यूज़
आगरा। सुलह कुल की नगरी में सत्ताधारी दल के एक विधायक का ऑडियो सामने आया है। इसमें वह अपनी ही पार्टी के प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी के लिए आंखें निकालने की बात कह रहे हैं। भाजपा में शहर और जिलाध्यक्ष के फेरबदल की रणनीति को लेकर विधायक मंत्रणा कर रहे थे। तभी किसी ने यह ऑडियो बना लिया। ऑडियो में एक विधायक कह रहे हैं कि ‘यह हमारा लोकतंत्र है। हम 4 विधायक मिलकर दबाव बनाएंगे। चारों विधायक जो कहेंगे, वही होगा। हमारी पसंद का जिलाध्यक्ष नहीं बना तो …..आंखें निकाल लेंगे।’ बीच-बीच में भाजपा के पर्यवेक्षक का नाम भी लिया जा रहा है।
ऑडियो में बीच-बीच में भाजपा के पर्यवेक्षक का नाम भी लिया जा रहा है। विधायक कह रहे हैं कि ‘हमने तो सीएम से मिलकर भी कह दिया था, कि आगरा में नौ विधायक हैं और आगरा को कुछ नहीं मिला है।’ ऑडियो में आगरा के एक मंत्री के लिए भी अमर्यादित बात कही गई है।
दरअसल, आगरा में जिला अध्यक्ष और शहर अध्यक्ष के पदों के लिए पार्टी में गतिविधियां तेज हो गई हैं। विधायकों से लेकर पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी अपनी-अपनी पसंद के पदाधिकारी बनाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं। इसी रणनीति के तहत विधायक और जिलाध्यक्ष पद के एक दावेदार व कुछ अन्य समर्थकों की बीच में ही यह चर्चा रही थी।
ऑडियो सामने आने के बाद भाजपा के ही नेता का हाथ बताया जा रहा है। वह भी जिलाध्यक्ष पद की दावेदारी की दौड़ में शामिल है। हालांकि उनके खिलाफ पार्टी के ही कुछ लोगों ने षड्यंत्र कर केस लगा दिया है। इससे उनकी दावेदारी कमजोर पड़ गई। इसके बाद विधायक की चर्चा का यह ऑडियो उसके हाथ लग गया तो इसे वायरल कर दिया।
आगरा में वर्तमान में जिलाध्यक्ष गिर्राज सिंह कुशवाह है और शहर अध्यक्ष भानु महाजन हैं। हालांकि अभी पार्टी ने आधिकारिक रूप से इन पदाधिकारियों को बदले जाने की कोई बात नहीं कही है। लेकिन, पिछले दिनों भाजपा प्रदेश अध्यक्ष द्वारा कुछ जिलों में संगठन में फेरबदल करने के संबंध में दिए गए बयान के बाद इन पदों के लिए पार्टी में गतिविधियां तेज हो गई हैं।