



इन्द्रेश तोमर/ बाबा न्यूज
पिनाहट। तहसील बाह के पिनाहट कस्बे में तेंदुए का आतंक बढ़ता जा रहा है। तेंदुआ अभी तक वन विभाग की पकड़ में नहीं आ सका है। रविवार को सुबह तेंदुए ने एक किसान पर हमला बोल दिया। हमले में किसान घायल हो गए हैं। उन्हें उपचार के लिए भर्ती कराया गया है । बताते हैं कि तेंदुए ने गाय पर हमला कर दिया था उसी दौरान खेत पर चारा लेने गए थे।
थाना मंसुखपुरा के गांव महागोली निवासी 55 वर्षीय किसान किशन सिंह तोमर पुत्र कप्तान सिंह सुबह आठ बजे अपने खेत पर गए थे। तभी उन्होंने देखा कि एक गाय पर तेंदुए हमला कर रहा था। ये देख किशन सिंह तेंदुए की ओर दौड़ पड़े। तेंदुए ने गाय को छोड़कर किसान पर हमला कर दिया। किसान ने हार नहीं मानी, बल्कि तेंदुए के सामने डटे रहे।
तेंदुए ने किसान के सिर पर झपट्टा मारा, लेकिन वे उसके पंजे की पकड़ से निकल गए, इससे उनके सिर में चोट लग गई। फिर से तेंदुए ने उनकी कमर और हाथ पर झपट्टा मारा, तो किसान भी तेंदुए को दूर फेंकने और भगाने के प्रयास में लगे रहे।
किसान को तेंदुए से अकेले भिड़ते देख ग्रामीणों की भीड़ मौके पर पहुंच गयी। ग्रामीणों ने लाठी-डंडे से तेंदुए का सामना किया तो वह वहां से भाग निकला। इसके बाद घायल किसान को परिवार के लोग सीएचसी पिनाहट लेकर पहुंचे। यहां उनका उपचार चल रहा है। सूचना पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। टीम ने किसान से तेंदुए के बारे में जानकारी ली।
बताते चला कि पिनाहट में तेंदुए का आतंक बढ़ता जा रहा है। अब तक वह कई लोगों पर हमला कर चुका है। इसके अलावा कई जानवर भी उसके शिकार बन चुके हैं।