



बाबा न्यूज
आगरा। श्री दिगम्बर जैन लोकोदय तीर्थक्षेत्र आगरा के ट्रस्टीगणों ने रामलाल वृद्ध आश्रम का दौरा किया। उन्होंने आश्रम की व्यवस्थाओं का बारीकि से निरीक्षण किया। वृद्धजनों को वस्त्र और फल वितरित करने के साथ ही भोजन भी परोसा, वहीं आश्रम की गौशाला में गोवंश को चारा खिलाकर सेवा कार्य भी किया। आयोजित समारोह में सभी ट्रस्टियों को आश्रम की ओर से स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया गया। ट्रस्ट की ओर से रामलाल वृद्ध आश्रम और गौशाला के लिए 51 हजार -51हजार रुपये की धनराशि बतौर दान दी गयी।
रामलाल वृद्ध आश्रम में किस तरह नर सेवा और गौ सेवा होती है, यह आश्रम किस तरह संसाधन जुटाता है, कैसे इसका प्रबंधन करता है, इन सब व्यवस्थाओं का भौतिक निरीक्षण करने के साथ ही वृद्धजनों और गोवंश की सेवाभाव का संकल्प लेकर लोकोदय तीर्थ क्षेत्र के सभी ट्रस्टी आश्रम पहुंचे थे। इन सभी ट्रस्टियों ने पहले गौशाला का निरीक्षण कर गौमाता को चारा खिलाया। फिर बकरीशाला में पहुंचकर समय बिताया। उसके बाद उन्होंने वृद्ध आश्रम में जीवनयापन कर रहे वृद्धजनों के साथ बड़ी ही आत्मीयता के साथ बातचीत कर उनका हालचाल जाना। इन सभी वृद्धजनों को उपहार के रुप में वस्त्र और फल भी वितरित किए। सभी ट्रस्टियों की आत्मीयता देख वृद्ध माताएं बेहद ही भाव-विहल हो गयी। उन्होंने ट्रस्ट के सभी सदस्यों को जो आशीर्वाद दिया वह शायद उनके जीवन के सबसे अनमोल क्षणों में से एक होगा।
रामलाल वृद्ध आश्रम बेहद ही पुनीत कार्य कर रहा है : प्रदीप जैन
समारोह में लोकोदय तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रदीप जैन(चेयरमैन पीएनसी ग्रुप) ने रामलाल वृद्ध आश्रम की व्यवस्थाओं की मुक्तकंठ प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि रामलाल वृद्ध आश्रम बेहद ही पुनीत कार्य कर रहा है।
जीओ और जीने दो सिद्धांत को साकार कर रहा है : नीरज जैन
लोकोदय तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट के महामंत्री नीरज जैन(सीएमडी, जिनवाणी चैनल व सीटीवी ग्रुप) ने रामलाल वृद्ध आश्रम की व्यवस्थाओं की तारीफ करते हुए इसके सभी ट्रस्टियों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि रामलाल वृद्ध आश्रम नर सेवा और गोसेवा के माध्यम से भगवान महावीर स्वामी के जीओ और जीने दो सिद्धांत को साकार कर रहा है। इस प्रेरणादायी सेवा कार्य को देखकर वे अभिभूत हैं।
बहुत ही नेक काम हो रहा है : रुपेश जैन
लोकोदय तीर्थ क्षेत्र के परम शिरोमणी महामहिम ट्रस्टी रुपेश जैन ने रामलाल वृद्ध आश्रम संस्था को काबिले तारीफ बताया। लोकोदय तीर्थ क्षेत्र के महा ट्रस्टी और कोषाध्यक्ष निर्मल जैन मोठ्या रामलाल वृद्ध आश्रम की व्यवस्थाओं में जैसे खो गये। उन्होंने कहा कि वे यहां सेवा भाव लेकर आए थे, और सभी वृद्धजनों का आशीर्वाद और स्नेह पाकर वे अभिभूत है। ये उनके जीवन का एक अनमोल क्षण है। वहीं बैनाड़ा ग्रुप के संस्थापक सदस्य पन्नालाल बैनाड़ा ने रामललाल वृद्ध आश्रम को धरती के स्वर्ग की संज्ञा दी। यहां पहुंचे लोकोदय तीर्थ क्षेत्र के ट्रस्टियों को तो ये अंदाजा ही नहीं था कि यहां इस तरह से नर सेवा को नारायण सेवा मानकर वृद्धजनों और गोवंश की सेवा होती है।
बनने वाले दिगंबर जैन मंदिर भी बेहद भव्य होगें : मनोज बाकलीबाल
लोकोदय तीर्थ क्षेत्र के मुख्य संयोजक मनोज बाकलीबाल ने रामलाल वृद्ध आश्रम में ट्रस्ट मंडल के आने का उद्देश्य बताते हुए कहा कि वे यहां की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ यहां के प्रबंधन को देखने आए हैं। उन्होंने लोकोदय तीर्थ क्षेत्र निर्माण के औचित्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रामलाल वृद्ध आश्रम की तर्ज पर लोकोदय तीर्थ स्थली नर सेवा और गोसेवा का तो अद्भुद संगम होगा ही, यहां बनने वाले दिगंबर जैन मंदिर भी बेहद भव्य होगें। लोकोदय तीर्थक्षेत्र पर परिसर में गौशाला, वृद्ध आश्रम, शिक्षण संस्थान, पशु चिकित्सालय और हॉस्पीटल भी बनेंगे। यह तीर्थ स्थल भगवान महावीर स्वामी के सिद्धांतों को मूर्त रुप देने की एक चेष्टा के रुप में गुरुवर आचार्य विद्यासागर महाराज के परम प्रभावक शिष्य मुनि पुंगव सुधासागर महाराज के चातुर्मास का आगरा को एक उपहार है।
ट्रस्ट के पदाधिकारियों को किया सम्मानित
श्री दिगंबर जैन लोकोदय तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों को उनके द्वारा दिए गये सहयोग और महासेवा कार्य के लिए रामलाल वृद्ध आश्रम सेवा समिति ने सम्मानित भी किया।
समूचे विश्व के लिए एक मिसाल साबित होगा: सुनील जैन
रामलाल वृद्ध आश्रम के उपाध्यक्ष सुनील जैन और व्यवस्थापक शिव प्रसाद शर्मा ने लोकोदय तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सभी सदस्यों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि लोकोदय तीर्थ क्षेत्र की परिकल्पना को साकार करने के लिए वे सभी ट्रस्टियों का आभार व्यक्त करते हैं, ये तीर्थ क्षेत्र सेवाभाव के मामले में समूचे विश्व के लिए एक मिसाल साबित होगा।
सुधासागर महाराज ने लोकोदय तीर्थ क्षेत्र की आधारशिला रखी है
दिगम्बर जैन संत आचार्य विद्यासागर महाराज के परम प्रभावक शिष्य मुनि पुंगव सुधासागर महाराज ने आगरा में अपने चातुर्मास प्रवास के दौरान जैन तीर्थ स्थली लोकोदय तीर्थ क्षेत्र की आधारशिला रखी है, करीब 40 एकड़ में निर्मित होने वाला ये तीर्थ क्षेत्र आगरा और मथुरा की सीमा पर नेशनल हाइवे स्थित रैपुरा जाट में स्थित है। श्री दिगंबर जैन लोकोदय तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से गौशाला और रामलाल वृद्ध आश्रम को 51-51 हजार रुपये की धनराशि बतौर दान दी गयी। रामलाल वृद्ध आश्रम के उपाध्यक्ष सुनील जैन ने लोकोदय तीर्थ श्रेत्र के सभी ट्रस्टियों का आभार व्यक्त किया।
यह लोग रहे उपस्थित
प्रतिनिधि मंडल में श्री दिगम्बर जैन लोकोदय तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रदीप जैन, महामंत्री नीरज जैन(सीएमडी जिनवाणी चैनल, कोषाध्यक्ष निर्मल मोठिया, पन्नालाल बैनाड़ा, अखिल जैन, अमित जैन, ट्रस्ट के मुख्य संयोजक मनोज जैन बाकलीवाल के साथ साथ राजेश जैन गया वाले, राजेश जैन, वाई के जैन, अशोक कुमार जैन, दिलीप जैन आदि लोग मौजूद रहे।