



पहले दिन स्टेशन पर चॉकलेट देकर यात्रियों का स्वागत किया
बाबा न्यूज
आगरा। ताजनगरी में मेट्रो ट्रेन बृहस्पतिवार से आमजन के सफर के लिए आरंभ कर दी गई। पहले दिन भीड़ जरूर कम रही लेकिन पहली बार सफर करने वाले लोगों में उत्साह दिखा। इसमें कई पर्यटक भी शामिल रहे। वह ताजमहल और आगरा किला घूमने के लिए आए थे। पहले दिन स्टेशन पर चॉकलेट देकर यात्रियों का स्वागत किया गया।
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के उप महाप्रबंधक पंचानन मिश्रा ने बताया कि सात मार्च से ताजपूर्वी से मन:कामेश्वर तक मेट्रो ट्रेन का संचालन आमजन के लिए शुरू कर दिया गया है। ट्रेन सुबह छह से रात 10 बजे तक चलेगी। इसमें एक स्टेशन तक 10 रुपये, दो स्टेशन तक 15 रुपये, 3-6 स्टेशन तक 20 रुपये किराया है। पांच ट्रेनें चलाई जाएंगी।
टिकट की अवधि 20 मिनट है। इससे ज्यादा देर तक स्टेशन पर रुकने पर 10 रुपये प्रतिघंटा जुर्माना लगेगा। टिकट के लिए काउंटर भी बने हैं। आगरा मेट्रो के आॅफिशियल एप से आॅनलाइन टिकट बुक करा सकते हैं। इस एप को प्ले स्टोर से डाउनलोड करना होगा, इसके बाद उसमें आॅप्शन दिखने लगेंगे। पहले दिन मेट्रो में सफर करने वालों लोगों की भीड़ कम रही। यात्रा करने वालों में युवाओं और बच्चों की संख्या ज्यादा रही। यात्रियों ने कहा कि मेट्रो शुरू होने से यातायात सुविधा तो बेहतर होगी। इससे समय की बचत होगी।