पति और पत्नी के बीच चल रहा था काफी दिनों से गृह क्लेश
निपुण तिवारी/ बाबा न्यूज
जैतपुर। कस्बे के थाना खेड़ा राठौर के अंतर्गत आने वाले गांव नंदगवां में शुक्रवार को सुबह एक नव दंपति ने गृह कलेश के चलते एक ही रस्सी से पंखे के हुक से फांसी पर लटक कर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में चीख पुकार मच गई। हर कोई घटनास्थल की ओर दौड़ पड़ा। वही थाना खेड़ा राठौर की पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है।
थाना खेड़ा राठौर के गांव नंदगवां निवासी सुरजीत पुत्र रामनिवास 28 एवं उसकी पत्नी राधा देवी 24 ने आज सुबह करीब साढ़े पांच बजे संदिग्ध परिस्थितियों में घर के कमरे में पंखे के हुक से एक ही रस्सी पर लटक कर फांसी लगाकर जान दे दी। स्थानीय लोगों ने बताया सुरजीत की शादी चार साल पहले फतेहाबाद के थाना निबोहरा के गांव नंदपुरा की राधा देवी से हुई थी। सुरजीत का एक तीन साल का बेटा भी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सुरजीत का पारिवारिक क्लेश चल रहा था जिससे वह बीते काफी दिनों से मानसिक रूप से परेशान था। सुरजीत गाड़ी चालक था। वह कभी-कभी काम की तलाश में बाहर भी चला जाता था। खेड़ा राठौर थाने की पुलिस घटना के पीछे के कारणों की जानकारी करने में जुटी हुई है।