



महिला ने दो लोगों के खिलाफ की शिकायत
जितेन्द्र सिंह/ बाबा न्यूज
शमसाबाद। थाना क्षेत्र के गांव कोटी चार बीघा में एक जन सेवा केंद्र संचालक ने ग्रामीण के साथ मिलकर महिला का फर्जी तरीके से समूह का लोन पास कराकर पैसे निकाल लिए। महिला की सिविल खराब बताकर लोन कैंसल बोलकर घर वापस भेज दिया। महिला के घर आठ माह बाद बैंक कर्मी लोन की किश्त लेने पहुंचा तब मामले का उजागर हुआ। महिला ने जन सेवा केंद्र कर्मी के साथ एक ग्रामीण के खिलाफ लोन के साठ हजार रुपये फर्जी तरीके से एठने की शिकायत की है।
गांव कोटी चार बीघा निवासी राधा देवी पत्नी नारायण सिंह ने थाना शमसाबाद में एक शिकायती पत्र दिया। शिकायती पत्र में नरेश पुत्र हुकुम सिंह निवासी कोटी चार बिघा पर आरोप लगाते हुए बताया कि करीब आठ माह पूर्व समूह के नाम पर साठ हजार रुपए का लोन पास कराया था। कुछ दिन बाद जन सेवा केंद्र पर बुलाकर बैंक खाते की सिविल खराब बोलकर लोन कैंसल होने की बात बोल दी थी। उसी लोन के साठ हजार रुपयों को गांव के ही सोनू पुत्र लोकमन सिंह को दे दिए थे। आठ माह बाद बैंक कर्मी लोन की किस्त लेने महिला के घर पहुंचा तो महिला दंग रह गई। महिला और बैंक कर्मी में पैसे के लेनदेन को लेकर झड़प भी हुई। पीड़ित महिला ने फर्जी तरीके से लोन पास कराकर और गांव के ही युवक को रुपए देने का आरोप लगाते हुए थाना शमसाबाद में शिकायती पत्र दे दिया। थाना अध्यक्ष शमसाबाद हंसराज भदोरिया ने बताया कि ग्रामीण महिला के साथ ठगी का प्रार्थना पत्र मिला था प्रार्थना पत्र की जांच कराई जा रही है।