



अग्रवन के 22वें स्थापना दिवस पर सुन्दरकाण्ड पाठ का हुआ आयोजन
बाबा न्यूज
आगरा। महाराजा अग्रसेन सेवा सदन की ओर से वाटर वर्क्स स्थित अग्रवन का 22वां स्थापना दिवस समारोह आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत शाम को पांच बजे ब्रजकिशोर वशिष्ठ महाराज के मुखारबिंद से संगीतमय सुंदरकाण्ड पाठ से हुई। उन्होंने श्रद्धालुओं को सुंदरकाण्ड का महत्व समझाते हुए कहा कि यह पाठ करने से व्यक्ति भवसागर से तर जाता है। मनुष्य को जीवन में कभी किसी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ता है। सुंदरकाण्ड सुनने से मनुष्य के आत्मिक एवं भौतिक ज्ञान का विकास होता है। विश्व में सभी जगह सुंदरकांड की महिमा है। जिसे सुन श्रोता भक्ति भाव से विभोर हो गए।
अध्यक्ष ओमकारनाथ अग्रवाल ने बताया कि मुक्तिधाम में शव ले जाने के लोगों को आज भी काफी मशक्कत करनी पड़ती है। कई बार शव वाहन नहीं होने पर इंतजार करना पड़ता है। मानव सेवा को समर्पित महाराजा अग्रसेन सेवा सदन समिति ने नया बैकुंठधाम शव वाहन क्षेत्र बजाजा कमेटी के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल, सचिव राजीव अग्रवाल और उपाध्यक्ष विष्णु गर्ग को भेंट किया।
महासचिव राजेश अग्रवाल बताया कि बैकुंठ रथ में दिवंगत व्यक्ति के अलावा उसके परिजन भी बैठ सकते हैं। वहीं, वाहन के अंदर गायत्री मंत्र का उद्घोष होगा। समिति दस वर्ष पहले भी क्षेत्र बजाजा को एक शव वाहन भेंट कर चुकी है। धन्यवाद संयोजक नरेंद्र बंसल ने दिया। इस अवसर पर अशोक अग्रवाल, अतुल बंसल, सुनील गोयल, आकाश अग्रवाल, अनूप अग्रवाल, कौशल किशोर सिंघल, सुभाष चंद्र अग्रवाल, रूप किशोर अग्रवाल, रंजना बंसल, बाल कृष्ण आदि मौजूद रहे।