



बाबा न्यूज
मथुरा। यमुना एक्सप्रेस वे पर शनिवार तड़के हुए हादसे में नोएडा से आ रही बस अनियंत्रित होकर पलट गयी।
हादसा मथुरा जिले में शनिवार तड़के यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुआ। एक बस नोएडा से आगरा होते हुए मुज्जफरपुर जा रही थी। बस में 65 यात्री सवार थे। तड़के 4.10 बजे थाना नौहझील क्षेत्र में माइल स्टोन 62 पर गांव अवाखेड़ा के पास बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराते हुए सर्विस रोड से नीचे गिर गई।
हादसे में 16 लोग घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि करीब 65 सवारी थीं। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। गांव अवाखेड़ा निवासी गुलवीर सिंह सरपंच ने बताया कि सुबह खेतों पर टहलने जा रहे थे। तभी एक्सप्रेस-वे की तरफ से हादसा होने की तेज आवाज आई। देखा तो बस पलटी हुई थी।
यात्रियों की चीख-पुकार मच रही थी। सूचना पुलिस को दी गई। सूचना के बाद पुलिस व एक्सप्रेसवे कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल भिजवाया। थाना नौहझील प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार यादव ने बताया कि 16 लोग घायल हैं। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया गया है। परिजनों को सूचना भेज दी गई है।