सवाल का जवाब न देने पर छात्र की पिटाई:सीतापुर में पिता ने शिक्षिका पर आरोप लगाए, एसडीएम से शिकायत

सीतापुर के लहरपुर तहसील क्षेत्र के एक निजी विद्यालय एम एच बी नेशनल कॉलेज में गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे छात्र की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। परिजनों ने अध्यापिका पर 6 वर्षीय छात्र को बेरहमी से पीटने और विद्यालय से भगा देने का आरोप लगाते हुए उपजिलाधिकारी से शिकायत की है। मामले में जांच के आदेश दिए जाने की बात सामने आई है। जानकारी के अनुसार, विकासखंड क्षेत्र के ग्राम फत्तेपुर मजरा शादीपुर निवासी विवेक कुमार ने गुरुवार दोपहर को उपजिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनका पुत्र आर्यन (6 वर्ष) एमएचबी ऑलमाइटी नेशनल कॉलेज, मोहद्दीनपुर अंगरासी में UKG कक्षा में पढ़ता है। आरोप है कि बुधवार को कक्षा के दौरान अध्यापिका कल्पना शुक्ला ने आर्यन से एक सवाल पूछा, जिसका जवाब देने में बच्चे से थोड़ी देर हो गई। इसी बात से नाराज होकर अध्यापिका ने उसे बेरहमी से पीट दिया और विद्यालय से बाहर निकाल दिया। पीड़ित के पिता के अनुसार, आर्यन किसी तरह घर पहुंचा और बेहोश हो गया। होश आने पर उसने अपने साथ हुई घटना की जानकारी परिजनों को दी। प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि उक्त अध्यापिका द्वारा निम्न वर्ग के बच्चों के साथ भेदभाव किया जाता है और उन्हें प्रताड़ित किया जाता है। इसके अलावा परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन पर यह भी आरोप लगाया है कि स्कूल में टाई, जूते, ड्रेस और पुस्तकें बाहर से खरीदने पर बच्चों को कक्षा से निकाल दिया जाता है। इस पूरे मामले को लेकर परिजनों में आक्रोश व्याप्त है। पीड़ित के पिता विवेक कुमार ने बताया कि उपजिलाधिकारी को शिकायत दी है, जिस पर जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन मिला है। वहीं, तालगांव कोतवाली प्रभारी अनूप कुमार शुक्ला ने बताया कि उन्हें अभी तक इस घटना की जानकारी नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *