बहराइच में पागल कुत्ते ने छह लोगों को काटा:एक महिला गंभीर घायल, जिला अस्पताल में इलाज जारी

बहराइच जिले के खैरीघाट इलाके के मक्कापुरवा गांव में एक पागल कुत्ते ने एक महिला और तीन बच्चों सहित छह लोगों को काटकर घायल कर दिया। यह घटना गुरुवार की भोर में हुई, जब शोर सुनकर ग्रामीणों ने कुत्ते को लाठी-डंडों से दौड़ाया और वह भाग गया। गुरुवार भोर में जब पीड़ित अपने घरों में सो रहे थे, तभी कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया। सबसे पहले उसने आंगन में सो रही 60 वर्षीय शिव कुमारी के सिर पर हमला किया। इसके बाद उसने समसुल्लका, 30 वर्षीय मीरा देवी, उनके 8 वर्षीय बेटे अंकित, 12 वर्षीय गजरा देवी और 6 वर्षीय चंटा देवी को भी काटकर घायल कर दिया। ग्रामीणों और परिजनों ने किसी तरह लोगों को कुत्ते से बचाया और सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद, शिव कुमारी के सिर में गंभीर घाव होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में उनका इलाज जारी है। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन से क्षेत्र में घूम रहे आवारा कुत्तों को पकड़ने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

सवाल का जवाब न देने पर छात्र की पिटाई:सीतापुर में पिता ने शिक्षिका पर आरोप लगाए, एसडीएम से शिकायत

सीतापुर के लहरपुर तहसील क्षेत्र के एक निजी विद्यालय एम एच बी नेशनल कॉलेज में गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे छात्र की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। परिजनों ने अध्यापिका पर 6 वर्षीय छात्र को बेरहमी से पीटने और विद्यालय से भगा देने का आरोप लगाते हुए उपजिलाधिकारी से शिकायत की है। मामले में जांच के आदेश दिए जाने की बात सामने आई है। जानकारी के अनुसार, विकासखंड क्षेत्र के ग्राम फत्तेपुर मजरा शादीपुर निवासी विवेक कुमार ने गुरुवार दोपहर को उपजिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनका पुत्र आर्यन (6 वर्ष) एमएचबी ऑलमाइटी नेशनल कॉलेज, मोहद्दीनपुर अंगरासी में UKG कक्षा में पढ़ता है। आरोप है कि बुधवार को कक्षा के दौरान अध्यापिका कल्पना शुक्ला ने आर्यन से एक सवाल पूछा, जिसका जवाब देने में बच्चे से थोड़ी देर हो गई। इसी बात से नाराज होकर अध्यापिका ने उसे बेरहमी से पीट दिया और विद्यालय से बाहर निकाल दिया। पीड़ित के पिता के अनुसार, आर्यन किसी तरह घर पहुंचा और बेहोश हो गया। होश आने पर उसने अपने साथ हुई घटना की जानकारी परिजनों को दी। प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि उक्त अध्यापिका द्वारा निम्न वर्ग के बच्चों के साथ भेदभाव किया जाता है और उन्हें प्रताड़ित किया जाता है। इसके अलावा परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन पर यह भी आरोप लगाया है कि स्कूल में टाई, जूते, ड्रेस और पुस्तकें बाहर से खरीदने पर बच्चों को कक्षा से निकाल दिया जाता है। इस पूरे मामले को लेकर परिजनों में आक्रोश व्याप्त है। पीड़ित के पिता विवेक कुमार ने बताया कि उपजिलाधिकारी को शिकायत दी है, जिस पर जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन मिला है। वहीं, तालगांव कोतवाली प्रभारी अनूप कुमार शुक्ला ने बताया कि उन्हें अभी तक इस घटना की जानकारी नहीं है।

बस्ती में तेजाब पिलाकर हत्या में चार आरोपी गिरफ्तार:पिता की तहरीर पर 7 के खिलाफ केस, खेत में अधजली लाश मिली थी

बस्ती जिले में एक अधेड़ की तेजाब पिलाकर हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान शंकरपुर निवासी गया प्रसाद वर्मा (50) के रूप में हुई है। परिजनों ने हत्या से पहले तेजाब पिलाने और शरीर पर तेजाब डालने का गंभीर आरोप लगाया है। मृतक के पिता राम सुजग वर्मा की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद सहित सात लोगों के खिलाफ हत्या और शव छिपाने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। परिजनों के अनुसार, पड़ोसी राजन से पुरानी रंजिश चल रही थी। 28 अप्रैल को विवाद के बाद आरोपियों ने गया प्रसाद को दौड़ाकर पकड़ा और तेजाब पिलाकर उसकी हत्या कर दी। बुधवार को रमहटिया गांव के पास एक खेत में अधजली अवस्था में शव बरामद हुआ था। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने यह भी बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी। इस मामले में वांछित चार आरोपी राजन, कृष्णा, सौरभ और भल्लर को गिरफ्तार कर लिया गया है। सभी आरोपी शंकरपुर (कुचुनपुरवा) के निवासी हैं।

भदोही के सहज 98% नंबर लाकर जिला टॉपर:ICSE बोर्ड का रिजल्ट, इंटर में नैतिक 98.25 प्रतिशत अंक के साथ टॉपर

गुरुवार को आईसीएसई बोर्ड का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया गया। गोपीगंज स्थित सेंट थॉमस स्कूल के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया। हाईस्कूल में सहज मौर्य ने 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में टॉप किया, जबकि इंटरमीडिएट में नैतिक अग्रहरि ने 98.25 प्रतिशत अंक के साथ जिला टॉपर रहे। विद्यालय का कक्षा 10 का कुल परीक्षा परिणाम 98 प्रतिशत रहा। कुल 157 छात्रों में से 39 ने विशेष योग्यता हासिल की और 72 छात्रों ने प्रथम श्रेणी में परीक्षा उत्तीर्ण की। सहज मौर्य के बाद खुशी पाल ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया। रितिका अग्रवाल और हर्ष राज यादव 94.2 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। जीव विज्ञान, इतिहास और कंप्यूटर विषयों में छात्रों ने शत प्रतिशत अंक प्राप्त किए। टॉपर की तस्वीरें देखिए हाईस्कूल के टॉपर सहज मौर्य के परिजनों ने उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की। सहज मौर्य ने बताया कि उनका सपना इंजीनियर बनने का है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और ईश्वर को दिया। इसी तरह, सेंट थॉमस स्कूल के इंटरमीडिएट विज्ञान और वाणिज्य वर्ग का परीक्षाफल 100 प्रतिशत रहा। कुल 135 छात्रों में से 49 छात्रों ने विशेष योग्यता प्राप्त की, जबकि 68 छात्रों ने प्रथम श्रेणी में परीक्षा पास की। विज्ञान वर्ग में नैतिक अग्रहरि ने 98.25 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। सक्षम अग्रवाल 98 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे, और गर्व बरनवाल ने 97.25 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। विज्ञान वर्ग के जिला टॉपर नैतिक अग्रहरि ने अपनी सफलता का श्रेय अपने दादा-दादी, माता-पिता, भाई-बहन और विद्यालय के गुरुजनों को दिया। उन्होंने आगे चलकर डॉक्टर बनने की इच्छा व्यक्त की। वाणिज्य वर्ग में नव्या बरनवाल ने 95.25 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। शशांक तिवारी 91.25 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि एड्रिआ एन सेम ने 89 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। विद्यालय के प्रबंधक सैम अब्राहम और प्रधानाचार्य वृंडा सैम ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

बदायूं में ICSE रिजल्ट घोषित:हुमाम आफताब 98% अंकों के साथ टॉपर, सारांश दूसरे स्थान पर

बदायूं में ICSE हाईस्कूल के परिणाम घोषित हो गए हैं। हुमाम आफताब ने 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में शीर्ष स्थान हासिल किया है। सारांश साहू 96.8 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि हूरिया खान ने 95.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान पाया। इस वर्ष हाईस्कूल परीक्षा में कुल 131 छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले हुमाम आफताब भविष्य में नीट (NEET) परीक्षा उत्तीर्ण करना चाहते हैं। उन्होंने अपनी सफलता के लिए प्रतिदिन छह से सात घंटे पढ़ाई की। दूसरे स्थान पर रहे सारांश साहू ने बताया कि उन्होंने रोजाना आठ घंटे पढ़ाई करके यह मुकाम हासिल किया है। वह सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनने की इच्छा रखते हैं। सारांश ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया। तीसरे स्थान पर रहीं हूरिया खान ने अपनी सफलता का मंत्र सेल्फ-स्टडी को बताया। उन्होंने कहा कि इस दौरान शिक्षकों और अभिभावकों का भरपूर सहयोग मिला। हूरिया प्रतिदिन चार से पांच घंटे पढ़ाई करती थीं और उनका लक्ष्य भी भविष्य में नीट परीक्षा क्वालीफाई करना है।