मैनपुरी में युवती ने फांसी लगाकर की आत्महत्या:कमरें में छत के कुंडे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला शव

मैनपुरी के घिरोर कस्बे के फर्रास मोहल्ले में एक 20 वर्षीय युवती का शव फंदे पर लटका मिला। युवती ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। मृतका की पहचान चंद्रसेन की पुत्री क्रांति के रूप में हुई है। मंगलवार रात करीब 10 बजे वह एक समारोह से पूड़ी बेलकर घर लौटी थी। घर के अन्य सदस्य दूसरे आवास पर थे। बुधवार सुबह लगभग 6 बजे जब उसकी छोटी बहन नीलू (15 वर्ष) घर आई और दरवाजा खोला, तो उसने क्रांति को छत के कुंडे से दुपट्टे के सहारे अचेत अवस्था में जमीन पर पड़ा देखा। नीलू की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि क्रांति की सांसें नहीं चल रही थीं। लोगों के अनुसार, युवती ने रात में ही फांसी लगा ली थी। क्रांति सात भाई-बहनों में से थी। उसकी तीन बहनों की शादी हो चुकी है, और एक भाई बाहर रहता है। घर पर उसके साथ एक भाई रंजीत कुमार और दो बहनें रहती थीं। उसकी मां बिशना देवी कस्बे के करहल रोड स्थित दूसरे आवास पर रहती हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई। पुलिस ने परिजनों को पोस्टमार्टम कराने के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे इसके लिए राजी नहीं हुए। मृतका के भाई ने बताया कि क्रांति मिलनसार स्वभाव की थी, और उन्हें समझ नहीं आ रहा कि उसने ऐसा कदम क्यों उठाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *