संभल में AAP का स्मार्ट मीटर के खिलाफ प्रदर्शन:बिजलीघर में नारेबाजी की, प्रदेश प्रवक्ता पहुंचे, बोले- यह स्मार्ट मीटर नहीं स्मार्ट चीटर
संभल के मुख्य बिजलीघर पर आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटरों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश प्रवक्ता आतिर हुसैन और जिलाध्यक्ष सचिन कुमार एडवोकेट के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में स्मार्ट मीटरों को ‘स्मार्ट चीटर’ बताया गया। यह प्रदर्शन रविवार शाम 04:30 बजे संभल कोतवाली कस्बा क्षेत्र के मुरादाबाद रोड स्थित बिजलीघर पर शुरू हुआ। कार्यकर्ताओं ने लगभग एक घंटे तक बिजलीघर में धरना दिया और विरोध मार्च भी निकाला। इस दौरान “मोदी-योगी होश में आओ” और “तानाशाही नहीं चलेगी” जैसे नारे लगाए गए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर आम जनता की जेब पर डाका डाल रहे हैं। उनके अनुसार, इन मीटरों के कारण बिजली के बिल कई गुना बढ़ गए हैं, जिससे आम आदमी आर्थिक रूप से कमजोर हो रहा है। AAP ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती और प्रीपेड मीटर व्यवस्था की खामियों ने लोगों का जीवन बेहद कठिन बना दिया है। पार्टी का दावा है कि स्मार्ट मीटरों में बिलिंग संबंधी कई गंभीर समस्याएं हैं, जैसे तेज और गलत बिलिंग। प्रदेश प्रवक्ता आतिर हुसैन ने बताया कि सांसद संजय सिंह के नेतृत्व में पूरे उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटर के खिलाफ एक आंदोलन चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा, “ये स्मार्ट मीटर नहीं, ‘स्मार्ट चीटर’ हो गया है, जिसने लोगों की जेबों पर डाका डाला है और उन्हें परेशान किया है।” आतिर हुसैन ने मांग की कि सभी स्मार्ट मीटरों को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए और पुराने पोस्टपेड मीटरों को बहाल किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उत्तर प्रदेश सरकार कोई ठोस कदम नहीं उठाती है, तो यह आंदोलन और बड़ा होगा। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन संभल की हर गली, हर सड़क और हर मोहल्ले में फैलेगा, जिसमें लाखों लोग सड़कों पर उतरेंगे। AAP तब तक प्रदर्शन जारी रखेगी जब तक सरकार अपने फैसले को वापस नहीं ले लेती। सरकार का दायित्व है कि वह लोगों की बिलिंग संबंधी शिकायतों को सुने। धरना-प्रदर्शन में दानिश, मोहम्मद अयूब, अली फ़राज़, इमरान हुसैन, शौकीन, आज़म, याकूब, शाहनवाज़, इफ्तेखार, मुदस्सर, अतीक, सचिन कुमार, शकीर, रिहान, नसीम, भवन दास, अमर पाल, वीर सिंह, रघुनंदन, खुशीराम, ओमेश कुमार, तौफीक, अतीक, काशिफ आदि शामिल रहे।

