4 बच्चों की हत्या करने वाली मां का शव मिला:अम्बेडकरनगर में घर से 100 मीटर दूर नाले के पास पड़ी थी लाश, सुसाइड की आशंका

अंबेडकरनगर के अकबरपुर थाना क्षेत्र के मीरानपुर मोहल्ले में चार मासूम बच्चों की हत्या के बाद फरार हुई आरोपी मां का शव रविवार को मिला। उसका शव घर से लगभग 100 मीटर दूर नाले के किनारे पाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। यह घटना बीते शनिवार दोपहर की है, जब मीरानपुर स्थित एक घर में चार बच्चों के खून से सने शव मिले थे। इस घटना के बाद से ही बच्चों की मां फरार थी, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई थी। रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने नाले के किनारे एक महिला का शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव की पहचान बच्चों की आरोपी मां के रूप में की। प्राथमिक जांच में पुलिस को आशंका है कि महिला ने बच्चों की हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली। हालांकि, पुलिस मामले के सभी पहलुओं पर गौर कर रही है और घटनास्थल के साथ-साथ आसपास के इलाकों से भी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। इस घटना से पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *