मिस्टर-यूपी एनकाउंटर में ढेर, 3 दोस्तों की हत्या की थी:जिनका मर्डर किया, उनकी पत्नी-बहन बोलीं- अब तसल्ली मिली, बेटे ने मुखाग्नि दी
बुलंदशहर में 3 दोस्तों की हत्या के मुख्य आरोपी बर्थडे बॉय जीतू सैनी (30) को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया। गुरुवार सुबह 5 बजे पुलिस ने स्कूटी सवार जीतू को रोका, तो उसने फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में उसे तीन गोलियां लग गईं। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान जीतू की मौत हो गई। ट्रिपल मर्डर के बाद पुलिस ने जीतू पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। जीतू 2017 में बसपा का नगर अध्यक्ष रह चुका था। 5 साल पहले बॉडी बिल्डिंग में मिस्टर यूपी का सेकेंड रनर-अप का खिताब भी जीत चुका था। मुठभेड़ जिला मुख्यालय से 35 किमी दूर खुर्जा थाना क्षेत्र में हुई। दरअसल, 25 अप्रैल की रात RJS फिटनेस जिम में जीतू की बर्थडे पार्टी चल रही थी। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान दोस्त अमरदीप ने जीतू के चेहरे पर केक लगा दिया था। इससे वह भड़क गया और उसने गोलियां बरसा दीं। इसमें तीन लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में भाजपा सभासद संजय सैनी के भाई मनीष (30), भतीजे आकाश (19) और चचेरे भाई अमरदीप (32) शामिल थे। पुलिस ने इस मामले में अब तक जीतू से पहले मयंक सैनी, रिंकू सैनी और भारत सैनी को एनकाउंटर में गोली मारकर पकड़ा था। एनकाउंटर के बाद जीतू की एक रील वायरल हो रही है। इसमें जिम में वह अपनी बॉडी दिखा रहा है। बैकग्राउंड में गाना बज रहा है- मारूंगा जरूर… अपने बचने का जुगाड़ रखियो…। चार तस्वीरें देखिए- एनकाउंटर पर मृतक अमरदीप की बहन बोली- मुझे तसल्ली मिली जिस अमरदीप की जीतू ने हत्या की थी, उनकी बहन राधा ने एनकाउंटर पर कहा- मुझे बहुत तसल्ली मिली है। इसके लिए मैं सीएम योगी को कोटि-कोटि प्रणाम करती हूं, क्योंकि मैंने मांग की थी कि खून के बदले खून चाहिए। मैं यही कहना चाहती हूं कि पुलिस-प्रशासन जिस तरह काम कर रहा, उसी तरह सख्ती से कार्रवाई जारी रखी जाए। वहीं, पत्नी सिमरन ने कहा- यह सब सुनकर हमें बहुत तसल्ली हुई कि जिसने यह कांड किया था, जिसने गोलियां चलाई थीं, वह मारा गया है। प्रशासन भी बहुत अच्छा काम कर रहा है। ट्रिपल मर्डर के तुरंत बाद का वीडियो सामने आया 25 अप्रैल को जिम में हुई वारदात से जुड़ा वीडियो सामने आया है। यह घटना के तुरंत बाद का है। इसमें एक युवक फर्श पर पड़ा दिख रहा है। उसे गोलियां लगी हैं। जिम में अफरा-तफरी का माहौल है। एक युवक रोते हुए कह रहा है- किसने मारा मेरे भाई को? अब पढ़िए मुठभेड़ कैसे हुई?
SP बुलंदशहर दिनेश कुमार सिंह ने बताया, ‘आरोपियों की तलाश में हमारी छह टीमें दबिश दे रही थीं। इसी दौरान पुलिस टीम ने स्कूटी पर जा रहे दो बदमाशों को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने भागने की कोशिश की, फिर उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ में इंस्पेक्टर मो. असलम और हेड कॉन्स्टेबल मोहित मलिक घायल हुए हैं। दोनों को हायर सेंटर में भर्ती करवाया गया है। इसके अलावा, दो सिपाही रामफल और कपिल के बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली लगी।’ गुरुवार शाम 5:15 बजे जीतू सैनी का अंतिम संस्कार किया गया। 8 साल के बेटे कान्हा ने मुखाग्नि दी। श्मशान घाट पर परिजन रोते-बिलखते नजर आए और अंतिम विदाई के समय भावुक दृश्य देखने को मिला। माहौल बिगड़ने न पाए, इसके लिए पुलिस की भी तैनाती रही। एनकाउंटर से जुड़े अपडेट्स के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…

