गंगा एक्सप्रेस-वे पर 1500 से अधिक वाहन गुजरे:संभल में 38.650 किमी लंबाई, 200 की स्पीड से भरा फर्राटा, 15 दिन टोल फ्री
संभल में 38.650 किलोमीटर लंबा गंगा एक्सप्रेस-वे अब पूरी तरह से चालू हो गया है। इस पर वाहन 200 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से दौड़ रहे हैं। उद्घाटन के बाद से अब तक 1500 से अधिक वाहन इस एक्सप्रेस-वे से गुजर चुके हैं। सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है और दोपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 29 अप्रैल को उत्तर प्रदेश के हरदोई जनपद में गंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया था। जनपद संभल के चंदौसी विधानसभा क्षेत्र के लहरावन गांव में इसका उद्घाटन प्रभारी मंत्री एवं यूपी सरकार के होमगार्ड राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति ने किया। इस एक्सप्रेस-वे के चालू होने से मेरठ से प्रयागराज तक का सफर आसान हो गया है। शुक्रवार को संभल तहसील के खिरनी मोहिउद्दीनपुर स्थित टोल प्लाजा पर कर्मचारी तैनात रहे। यहां महिला कर्मचारियों ने वाहनों को पास कराया। यात्रियों को सूचित किया गया है कि अगले 15 दिनों तक गंगा एक्सप्रेस-वे पर टोल शुल्क नहीं लिया जाएगा। संभल, चंदौसी, बहजोई, गुन्नौर और बबराला से दिल्ली की ओर जाने वाले लोग इस एक्सप्रेस-वे का उपयोग कर रहे हैं। बुधवार शाम 5 बजे से गुरुवार शाम 5 बजे तक 900 वाहन एक्सप्रेस-वे से गुजरे। वहीं, गुरुवार शाम 5 बजे से शुक्रवार शाम 5 बजे तक यह संख्या बढ़कर 1500 से अधिक हो गई। टोल बूथों पर वाहनों की एंट्री दर्ज की जा रही है। हालांकि, एक्सप्रेस-वे पर कारों के लिए 120 किमी/घंटा, बसों के लिए 100 किमी/घंटा और मालवाहकों के लिए 80 किमी/घंटा की गति सीमा निर्धारित की गई है। कम यातायात के कारण वाहनों की गति अधिक दिखाई दे रही है। गंगा एक्सप्रेस-वे जनपद के 31 गांवों से होकर गुजरता है। इसका पहला कट संभल तहसील के खिरनी मोहिउद्दीनपुर में चैनज 102 पर और दूसरा कट चंदौसी तहसील के लहरावन में चैनज 103 पर बनाया गया है। पूरे जनपद में एक्सप्रेस-वे का विस्तार चैनज 92 से 103 तक है। खिरनी मोहिउद्दीनपुर गांव में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर बनाने के लिए 239 हेक्टेयर भूमि चिन्हित की गई है, और भविष्य में 300 हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि चिन्हित करने की भी तैयारी है।

