13 मई से तीन दिन होगा सांसद आवास का घेराव:‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के विरोध पर बढ़ा आक्रोश, सड़कों पर उतरेंगी महिलाएं
केंद्र सरकार द्वारा पारित ऐतिहासिक ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ यानी महिला आरक्षण बिल के विरोध को लेकर समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद के खिलाफ महिलाओं में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है। भारतीय जनता पार्टी से जुड़ी महिला कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने सांसद के रुख को महिलाओं के सम्मान के खिलाफ बताते हुए विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। आगामी दिनों में बड़ी संख्या में महिलाएं सांसद आवास का घेराव कर अपना विरोध दर्ज कराएंगी। भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुमन पासवान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा मातृशक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए कार्य करती रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार द्वारा महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी में मजबूत प्रतिनिधित्व देने के उद्देश्य से ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ संसद में लाया गया और पारित कराया गया। यह कानून देश की महिलाओं को राजनीति में अधिक अवसर देने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने इस महत्वपूर्ण विधेयक का विरोध कर महिलाओं की भावनाओं को आहत किया है। भाजपा नेत्री ने कहा कि अयोध्या से सपा सांसद अवधेश प्रसाद का भी इस मुद्दे पर विरोधी रुख रहा, जिससे जिले की महिलाओं में भारी आक्रोश है। उन्होंने कहा कि महिलाएं अब चुप नहीं बैठेंगी और लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराएंगी। सुमन पासवान ने बताया कि 13 मई को दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र की महिलाएं सांसद आवास का घेराव करेंगी। इसके बाद 14 मई को बीकापुर विधानसभा क्षेत्र की महिलाएं प्रदर्शन करेंगी, जबकि 15 मई को रुदौली विधानसभा क्षेत्र की महिलाएं सांसद आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपेंगी। उन्होंने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं, वहीं विपक्षी दल महिला आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं। महिला मोर्चा ने चेतावनी दी कि महिलाओं के हक पर चुप नहीं बैठा जाएगा।

