Breaking News
युवा ही देश का भविष्य : प्राचार्य प्रो. एसपी सिंह

 


बाबा न्यूज़

सेंट जॉन्स कॉलेज में विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग कार्यक्रम का आयोजन
आगरा। सेंट जॉन्स कॉलेज आगरा की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. एस• पी• सिंह ने किया। उन्होंने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा ही देश का भविष्य हैं, विकसित भारत का सपना तब तक पूरा नहीं हो सकता जब तक हमारी युवा पीढ़ी में सही नेतृत्व क्षमता, डिजिटल साक्षरता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना न हो l इसके उपरांत कार्यक्रम अधिकारी डॉ• आयशा बेगम ने छात्र-छात्राओं को बताया कि ‘माय भारत पोर्टल’ पर पंजीकरण कर ‘विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग’ प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में भाग लेकर प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प को पूरा करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने में भूमिका निभाएं | इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ वेंकट स्वामी ने स्वयंसेवकों आगे के चरण की जानकारी दी। कार्यक्रम में पूर्व स्वयंसेवक कुर्बान, निखिल, अक्षय, स्वयंसेवक तुषार, राम मधुकर, कुशाग्र, स्वयंसेविका छाया, निशु, आंशिक आदि उपस्थित रहे |

संत रविदास के समानता और सम्मान के संदेश को विद्यार्थियों तक पहुंचाएगी महासभा

संत रविदास जयंती को लेकर विद्यालयों-महाविद्यालयों में जागरूकता अभियान

विभिन्न विद्यालयों-महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम, संगोष्ठियों के आयोजन का आह्वान

गढ़ी भदौरिया स्थित मंदिर के जीर्णोद्धार कार्यक्रम का 13 सितम्बर को होगा शुभारंभ

बाबा न्यूज़ 

आगरा। संत शिरोमणि गुरु रविदास की जयंती के अवसर पर प्रस्तावित आयोजनों को लेकर संत शिरोमणि गुरु रविदास महासभा द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को शहर के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में जागरूकता एवं संपर्क कार्यक्रम आयोजित किए गए। महासभा पदाधिकारियों ने शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों एवं प्रबंधन से संपर्क कर संत रविदास के जीवन, विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को विद्यार्थियों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र एवं क्षेत्र कार्यवाह प्रमोद ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास का जीवन समाज के अंतिम व्यक्ति तक सम्मान और समानता पहुंचाने की प्रेरणा देता है। यदि इसी प्रेरणा के बीज विद्यार्थियों के मन में रोपे जाएं तो समाज की दशा और दिशा दोनों बदल सकती हैं।
महासभा के सचिव अभिनव मौर्य ने कहा कि नई पीढ़ी को संत रविदास के विचारों से जोड़कर सामाजिक समरसता, समानता और मानवता की भावना को मजबूत किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत एसएन मेडिकल कॉलेज, आरबीएस कॉलेज, बैकुंठी देवी कॉलेज, डॉ. एमपीएस कॉलेज, मानसिक आरोग्यशाला, आगरा कॉलेज, सेंट्रल फुटवियर ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट एवं बीडी जैन कॉलेज के प्रधानाचार्यों एवं संबंधित पदाधिकारियों से संपर्क किया गया। महासभा की ओर से सभी शिक्षण संस्थानों में समय-समय पर संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती के उपलक्ष्य में संगोष्ठी, विचार गोष्ठी, भाषण प्रतियोगिता एवं अन्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कराने का आह्वान किया गया।
उन्होंने बताया कि इसी कड़ी में 13 सितम्बर को गढ़ी भदौरिया स्थित संत शिरोमणि रविदास जी के मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य का शुभारंभ, हवन और धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा इसके अलावा 2, 3 और 4 अक्टूबर को बीएसएनएल ग्राउंड में समरसता महोत्सव का आयोजन होगा।
महासभा पदाधिकारियों ने कहा कि संत रविदास का संदेश किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं है, बल्कि वह संपूर्ण समाज को समानता, भाईचारे और मानवता की राह दिखाता है। विद्यार्थियों और युवाओं को उनके विचारों से जोड़कर सामाजिक समरसता को और अधिक मजबूत किया जा सकता है।
इस अवसर पर मीडिया प्रभारी विजय सामा, सह सचिव डॉ. निष्ठा शर्मा, प्राचार्य एसएन मेडिकल कॉलेज डॉ. प्रशांत गुप्ता, प्राचार्य आरबीएस कॉलेज बसंत बहादुर, प्राचार्य बैकुंठी देवी कॉलेज डॉ. पूनम सिंह, निदेशक डॉ एमपीएस कॉलेज डॉ. एके सिंह, निदेशक मानसिक आरोग्यशाला डॉ. दिनेश राठौर, प्राचार्य आगरा कॉलेज डॉ. सीके गौतम, प्रधानाचार्य सेंट्रल फुटवियर ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट ईश्वर सिंह, प्राचार्य बीडी जैन कॉलेज डॉ. वंदना अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।

 

एनसीसी एयर विंग, आगरा कॉलेज के पूर्व कैडेट विपुल प्रताप सिंह बने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट

 

बाबा न्यूज़ 

आगरा। एनसीसी एयर विंग, आगरा कॉलेज के पूर्व कैडेट विपुल प्रताप सिंह ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर नियुक्त होकर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर आगरा कॉलेज में उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।

एनसीसी एयर विंग, आगरा कॉलेज के फ्लाइंग ऑफिसर नितेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व कैडेट विपुल प्रताप सिंह ने अपनी मेहनत, अनुशासन, समर्पण एवं एनसीसी प्रशिक्षण के माध्यम से यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास, जिम्मेदारी एवं राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

इस अवसर पर आगरा कॉलेज के प्राचार्य ने लेफ्टिनेंट विपुल प्रताप सिंह का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए उन्हें उज्ज्वल एवं सफल सैन्य जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विपुल प्रताप सिंह की सफलता महाविद्यालय के लिए गर्व का विषय है और उनकी उपलब्धि वर्तमान एनसीसी कैडेट्स के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि अन्य कैडेट्स भी उनसे प्रेरणा लेकर राष्ट्रसेवा के क्षेत्र में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

कार्यक्रम में एनसीसी आर्मी विंग के अधिकारी कैप्टन अमित अग्रवाल एवं कैप्टन रीता निगम, शिक्षकगण डॉ. भोपाल सिंह एवं डॉ. आनंद प्रताप सिंह,   प्रो गौरव कौशिक, डा भूपेंद्र चिंकारा, प्रो एस एस पांडेय, प्रो वीके सिंह सहित एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे। उपस्थित सभी सदस्यों ने लेफ्टिनेंट विपुल प्रताप सिंह को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

संसद में नहीं,विद्यालय की कक्षाओं में लिखा जाता है देश का भविष्य

 

 

राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका विषय पर शुरू हुआ मंथन
ईशान कालेज में राष्ट्रीय कार्यशाला और अभ्यास वर्ग का शुभारंभ
बाबा न्यूज
आगरा। राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका विषय पर केंद्रित दो दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ शिक्षा संस्कृति उपन्यास ब्रज प्रांत एवं ईशान कॉलेज आफ इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट के संयुक्त तत्वाधान में संस्थान के विवेकानंद आॅडिटोरियम में हुआ।
प्रथम दिवस उद्घाटन सत्र का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलित और माल्यार्पण कर मुख्य अतिथि अखिल भारतीय गौ सेवा प्रमुख और संस्थान के निदेशक संजय अग्रवाल ने किया।
मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक और अखिल भारतीय गौ सेवा प्रमुख ( दीन दयाल उपाध्याय गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र परखम ) ने कहा कि हर समाज के पीछे कोई न कोई शक्ति रहती है जो विकास और प्रगति का आधार बनती है।
उन्होंने कहा कि हर जगह जन्माष्टमी महोत्सव दो दिन मनाया जाता है अत: आज आंशिक श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और शिक्षक दिवस भी है हमारे जीवन की प्रगति के लिए जो शिक्षा होती है वही दीक्षा है।
चैतन्य महाप्रभु महाराज ने हरे रामा हरे कृष्णा महामंत्र देकर संपूर्ण समाज को जागृत कर समाज के लिए बहुत बड़ा कार्य किया। उन्होंने कहा कि राम और कृष्ण को भगवान बनाने में उनके अतुलनीय जीवनचरित्र का बहुत बड़ा महत्व है राम से भगवान राम बनना और कृष्णा से भगवान कृष्ण बनना उनके समाज हितकारी और अलौकिक कार्यों का परिणाम है।
जेन अल्फा पीढ़ी को शिक्षित करना बहुत ही चुनौती पूर्ण : संजय अग्रवाल
ईशान कॉलेज आॅफ इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट संस्थान के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने व्यवहारिक शिक्षा पर जोर देते हुए शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका और विद्यार्थियों की समझ पर आधारित शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि वर्तमान जेन जी और जेन अल्फा पीढ़ी को शिक्षित करना बहुत ही चुनौती पूर्ण है। उन्होंने आगे कहा कि राष्ट्र का भविष्य संसद में नहीं बल्कि विद्यालयों की कक्षाओं में लिखा जाता है।
प्रथम सत्र में शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास का न्यास का परिचय पर्यावरण शिक्षा के क्षेत्रीय संयोजक डॉ राजकुमार शर्मा एवं डॉ शिव ओम सिंह ने सैद्धांतिक एवं व्यवहारिक पक्ष रखा।
द्वितीय सत्र में कार्यकर्ता निर्माण एवं विकास विषय पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ आगरा के विभाग कार्यवाह सुनील दीक्षित, न्यास के प्रांतीय संयोजक डॉ मनु प्रताप एवं डॉ योगेश शर्मा ने सैद्धांतिक एवं व्यवहारिक पक्ष अपने विचार व्यक्त किए।
प्रो. रीता निगम, नीरा शर्मा ने रखा व्यवहारिक पक्ष
तृतीय सत्र में प्रो रीता निगम एवं प्रो नीरा शर्मा ने कार्य का क्रियान्वयन एवं चुनौतियां विषय पर सैद्धांतिक एवं व्यवहारिक पक्ष रखा।

यह अतिथि रहे उपस्थित
इसके अतिरिक्त मंचासीन अतिथियों में शिक्षा संस्कृत उत्थान न्यास के क्षेत्रीय संयोजक डॉ राजकुमार शर्मा, प्रांतीय संयोजक डॉ मनु प्रताप, सह संयोजक डॉ विवेक कुमार,कार्यशाला के संयोजक प्रो .दीपक सिंह छोंकर,संस्थान की मुख्य ट्रस्टी मंजरी अग्रवाल, कार्यशाला की समन्वयक प्रो.रीता निगम, डॉ प्रदीप सिरोठिया, डॉ संजू सिसोदिया, युग दीप शर्मा, डॉ भूपेंद्र सिंह डॉक्टर चंद्रवीर सिंह डॉक्टर महेश जोशी, डॉ धर्मेंद्र सिंह तोमर, डॉ रामकुमार, डॉ सारांश वशिष्ठ,डॉक्टर रेखा पांडे डॉ. भूपेंद्र रत्न डॉ अभिषेक मिश्रा रोहित शाक्य, कवि प्रदीप वैरागी, आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का कुशल संचालन ब्रज प्रांत सहसंयोजक डॉक्टर अवधेश कुमार शर्मा ने किया।

जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया ग्रैंडपेरेंट्स डे

बाबा न्यूज
आगरा। जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल में नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने ग्रैंडपेरेंट्स डे बड़े हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया। कार्यक्रम का शुभारंभ नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों द्वारा अपने दादा-दादी एवं नाना-नानी का तिलक लगाकर विद्यालय के सभागार में आत्मीय स्वागत करने के साथ हुआ। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य पुनीत वशिष्ठ ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके पश्चात विद्यार्थियों की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को उल्लास और आनंद से भर दिया। कार्यक्रम में ग्रैंडपेरेंट्स के लिए विभिन्न मनोरंजक खेलों एवं गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिसमें उन्होंने पूरे उत्साह एवं उमंग के साथ भाग लिया। बच्चों के साथ इन खेलों में भाग लेते हुए ग्रैंडपेरेंट्स ने अपने बचपन की यादों को भी ताजा किया और कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठाया।
समारोह का सबसे भावुक एवं हृदयस्पर्शी क्षण वह रहा, जब ग्रैंडपेरेंट्स ने अपने अनुभव एवं भावनाएं साझा करते हुए बच्चों को आशीर्वाद दिया। उन्होंने विद्यालय द्वारा आयोजित इस विशेष एवं यादगार कार्यक्रम की सराहना करते हुए विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की ओर से उपस्थित ग्रैंडपेरेंट्स को पौधे भी भेंट किए गए। इस पहल के माध्यम से विद्यालय ने जहां उनके प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त किया, वहीं पर्यावरण संरक्षण और हरियाली के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया। पौधे भेंट करने की यह पहल समारोह का एक विशेष आकर्षण रही।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य पुनीत वशिष्ठ ने कहा, बच्चों और उनके ग्रैंडपेरेंट्स का रिश्ता दुनिया के सबसे खूबसूरत रिश्तों में से एक है। ग्रैंडपेरेंट्स बच्चों के लिए केवल मार्गदर्शक और संरक्षक ही नहीं होते, बल्कि उनके सबसे अच्छे मित्र भी होते हैं। उनका स्नेह, अनुभव और जीवन-मूल्य बच्चों के व्यक्तित्व एवं संस्कारों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि बच्चों के जीवन में दादा-दादी एवं नाना-नानी का स्नेह, मार्गदर्शन और आशीर्वाद किसी ईश्वरीय उपहार से कम नहीं है। इसी भावनात्मक रिश्ते को समर्पित इस विशेष आयोजन का उद्देश्य बच्चों और उनके ग्रैंडपेरेंट्स के बीच प्रेम, सम्मान एवं आत्मीयता के बंधन को और मजबूत करना था।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सेक्शन इंचार्ज अनिल कुमार सिंह, दीपिका शर्मा एवं अंजलि जॉली, एक्टिविटी इंचार्ज सुप्रीत कौर, श्री आशीष जसरोतिया, वर्षा चौहान, राहुल माहौर सहित अन्य शिक्षकगण एवं विद्यालय प्रशासन के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

गुरुकुल किड्ज अकादमी में गूंजा जय श्री कृष्ण

 

 

 

 

बाबा न्यूज
आगरा। आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर चार ए में स्थित गुरुकुल किड्ज अकादमी में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास, उमंग एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया।
नन्हे-मुन्ने बच्चों ने राधा-कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा धारण कर सभी का मन मोह लिया। बच्चों ने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, माखन चोरी एवं राधा-कृष्ण के प्रेम को नृत्य, भजन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत किया। विद्यालय में आकर्षक कृष्ण झांकी, मटकी सजावट एवं बाल गोपाल की सुंदर प्रस्तुतियों ने उत्सव की शोभा बढ़ाई।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती हेमलता जौहरी ने बच्चों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें प्रेम, करुणा, सत्य और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
उप-प्रधानाचार्या श्रीमती राधा मिश्रा ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं संस्कारों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में श्रीकृष्ण की आरती एवं प्रसाद वितरण किया गया। पूरा विद्यालय परिसर जय श्री कृष्ण और राधे-राधे के जयघोष से गूंज उठा। जन्माष्टमी के अवसर पर बच्चों को कान्हा जी और राधा जी की वेशभूषा में तैयार करने का चलन भी इस वर्ष के समारोहों में प्रमुख है।
विद्धयार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए एकेडमी की दीप्ति शर्मा, सोनम शर्मा, रश्मि, नीलम शर्मा, तन्वी, मुस्कान, उन्नति, काजल आदि ने कार्यक्रम में अपना योगदान दिया ।

इस अवसर पर एकेडमी के मैनेजर दिलीप जौहरी, विनोद कुमार जौहरी तथा गौरव जौहरी भी उपस्थित रहे। उन्होंने आश्वासन दिया की वे बच्चों को अच्छी शिक्षा और संस्कार देने का प्रयत्न करेंगे जिससे की वे अपने जीवन में सफल बने और बताया की वे आगे भी इस तरह के कार्यकमो का आयोजन करते रहेंगे।

 

ब्रेनबी नेशनल ओलम्पियाड : बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, जटिल सवालों को चुटकियों में किया हल

आगरा सहित दिल्ली, चंडीगढ़, मुंबई, लखनऊ, मेरठ, मोहाली, पटना, जयपुर, मुरादाबाद व अन्य शहरों के हजारो बच्चे हुए शामिल
बाबा न्यूज
आगरा। ब्रेनबी किड्स अकादमी की ओर से आयोजित ब्रेनबी नेशनल ओलम्पियाड 2026 की पूरे अगस्त माह में ओलम्पियाड के लिए 50 से अधिक आॅफलाइन परीक्षा तिथियां निर्धारित की गई हैं, जबकि आॅनलाइन परीक्षा अगस्त के प्रत्येक रविवार को आयोजित की जा रही है। पहले चरण का आयोजन उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और महाराष्ट्र समेत देश के 7 राज्यों में आयोजित किया गया। इन राज्यों के विभिन्न शहरों से 25 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आगरा में मंगलवार को बमरोली कटारा स्थित टीसा स्कुल में विद्यार्थियों के लिए आॅफलाइन परीक्षाओं का आयोजन किया गया। परीक्षा में 5 से 15 वर्ष की आयु के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

ब्रेनबी की निर्देशिका सोनाली खंडेलवाल ने बताया कि ब्रेनबी नेशनल ओलम्पियाड राष्ट्रीय स्तर का यूनिक और क्रिएटिव ओलम्पियाड है। सामान्य प्रतियोगिताओं के मुकाबले इसमें अकादमिक के साथ-साथ बच्चों ने ड्राइंग एंड कलरिंग, हैंडराइटिंग, मेंटल मैथ, लॉजिकल रीजनिंग, स्पेल क्वेस्ट और जनरल नॉलेज सहित विभिन्न वर्गों में अपनी प्रतिभा दिखाई। उम्र और कक्षा के अनुरूप अलग-अलग श्रेणियों में आयोजित प्रतियोगिताओं में बच्चों ने जटिल सवालों को तेजी से हल कर अपनी तार्किक क्षमता और रचनात्मकता का परिचय दिया।

सोनाली खंडेलवाल ने बताया कि उत्तर प्रदेश के बरेली, गोरखपुर, लखनऊ, मेरठ, प्रयागराज, अलीगढ़, गाजियाबाद, कानपुर, मुरादाबाद और मथुरा के बच्चे भी शामिल हुए। आगरा सहित दिल्ली, चंडीगढ़, मुंबई, लखनऊ, मेरठ, मोहाली, हिंसार, रांची, पटना, जयपुर, मुरादाबाद व अन्य शहरों के हजारो बच्चे हुए शामिल हुए। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के लिए आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं। देश के टॉप विद्यार्थियों को बीएसए साइकिल सहित टेबलेट, स्मार्ट वॉच, स्मार्ट फोन पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। 30 वर्गों में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को ट्रॉफी दी जाएगी, जबकि सभी विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। प्रतियोगिता के दौरान 5000 गोल्ड एवं सिल्वर मेडल प्रदान किए जाएंगे। सभी प्रतिभागियों को नेशनल रैंक और प्रमाणपत्र भी दिए जाएंगे। प्रतियोगिता के परिणाम राष्ट्रीय स्तर पर ब्रैनबी की वेबसाइट पर घोषित किए जाएंगे।

इन 50 से अधिक स्कूलों में हुई आॅफ लाइन परीक्षा
सैंट जोसेफ, ग्रेटर नोएडा, सैंट फ्रÞांसिस, डीपीएस आगरा व दौलतपुर, गायत्री पब्लिक स्कूल, आगरा, प्रीलुड पब्लिक स्कुल, जयश्री पेरीवाल, जयपुर, सैंट पीटरस, किरौली, सैंट थेरेसा, कोसिकलान, सैंट जॉन पॉल्स, फतेहाबाद, पाईनवुड, सहारनपुर, सैंट एंथनीज, गाजिÞयाबाद, न्यू होराइजन ग्रुप आॅफ स्कूल्स, मुंबई आदि स्कूल परीक्षा में शामिल हुए।

 

एचआईवी संक्रमित के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं हो

बीडी जैन गर्ल्स पीजी कालेज में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिया जागरूकता का संदेश
बाबा न्यूज
आगरा। आइक्यूएसी , सघन जागरूकता अभियान उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति लखनऊ, एसएन हॉस्पिटल आगरा एवं बालिका हेल्थ क्लब के संयुक्त तत्वावधान में श्रीमती बी डी जैन गर्ल्स पीजी कॉलेज, में एड्स जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को एचआईवी /एडस के प्रति जागरूक करना, इससे संबंधित भ्रांतियों को दूर करना तथा बचाव एवं सावधानियों के प्रति सजग करना था।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छात्राओं द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक रहा। छात्राओं ने प्रभावशाली संवाद एवं अभिनय के माध्यम से एचआईवी /एडस के कारणों, बचाव के उपायों तथा इससे जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों को प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि एचआईवी संक्रमित व्यक्ति के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए, बल्कि उसके प्रति संवेदनशीलता, सम्मान और सहयोग का भाव रखना चाहिए।
नुक्कड़ नाटक ने विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया और उन्हें एड्स से संबंधित सही जानकारी प्राप्त करने तथा जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। एचआईवी /एडस के प्रति वैज्ञानिक एवं सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया। एस एन मेडिकल कॉलेज की काउंसलर शबनम खान ने छात्राओं को एड्स से संबंधित वैज्ञानिक जानकारी दी।
संपूर्ण कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर वंदना अग्रवाल एवं बालिका हेल्थ क्लब की प्रभारी प्रोफेसर शुभलेश कुमारी के निर्देशन में संपन्न हुआ । कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवम् शिक्षकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। कार्यक्रम में प्रोफेसर अनुपम शेरी ,प्रोफेसर किरण सिंह, प्रोफेसर शिखा श्रीधर ,प्रोफेसर अनुराधा गुप्ता, प्रोफेसर अनीता रानी , प्रोफेसर नीलम कांत,डॉ प्रविषा पांडे, डॉ अमिता वर्मा, डॉ प्रियंका रानी, डॉ पल्लवी दास गुप्ता, डॉ सुरभि सत्याभा एवं कुमारी अंजली उपस्थित रहीं । कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर अजरा के द्वारा किया गया।

डीईआई में मात्रात्मक डेटा विश्लेषण पर दो दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यशाला का शुभारंभ

बाबा न्यूज
आगरा। एसोसिएशन आॅफ इंडियन यूनिवर्सिटीज-दयालबाग शिक्षण संस्थान- एकेडमिक एंड एडमिनिस्ट्रेटिव डेवलपमेंट सेंटर (एआईयू-डीईआई-एएडीसी) के तत्वावधान में मात्रात्मक डेटा विश्लेषण पर दो दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यशाला का शुभारंभ दयालबाग शिक्षण संस्थान में हुआ। कार्यशाला में लगभग 119 शिक्षक एवं शोधकर्ता प्रतिभागिता कर रहे हैं। कार्यशाला का उद्देश्य प्रतिभागियों को समकालीन मात्रात्मक शोध पद्धतियों की व्यापक समझ प्रदान करने के साथ-साथ उनके विश्लेषणात्मक एवं शोध कौशल को सुदृढ़ करना है। कार्यशाला के विभिन्न तकनीकी सत्रों में विभिन्न आधुनिक मात्रात्मक तकनीकों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
कार्यशाला का उद्घाटन प्रो. सी. पटवर्धन, निदेशक, डीईआई ने किया। उद्घाटन संबोधन में उन्होंने वर्तमान समय में उपलब्ध डेटा की प्रचुरता का उल्लेख करते हुए कहा कि आज चुनौती केवल डेटा की उपलब्धता नहीं, बल्कि सार्थक निष्कर्षों और तकनीकी शब्दाडंबर के बीच अंतर करने की क्षमता विकसित करना है। डेटा की तीव्र वृद्धि, कम्प्यूटेशनल तकनीकों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की बढ़ती क्षमताओं के संदर्भ में उन्होंने ऐसे विशेषज्ञों की आवश्यकता पर बल दिया, जो डेटा को सार्थक ज्ञान और प्रभावी कार्यवाही में परिवर्तित कर सकें। कार्यशाला की संयोजक डॉ. पूर्णिमा भटनागर ने कार्यशाला का परिचय देते हुए इसके उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विशेष रूप से शिक्षकों एवं शोधकतार्ओं की विश्लेषणात्मक एवं शोध क्षमताओं को विकसित करने की आवश्यकता को रेखांकित किया।
उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में प्रो. पमी दुआ, पूर्व निदेशक, दिल्ली स्कूल आॅफ इकोनॉमिक्स तथा प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद की अंशकालिक सदस्य ने ह्लमात्रात्मक डेटा विश्लेषण और अर्थमिति: अल्केमी या विज्ञान? विषय पर मुख्य व्याख्यान दिया। उन्होंने मात्रात्मक डेटा विश्लेषण एवं अर्थमिति में मॉडल निर्माण की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया। डेविड हेंड्री के अर्थमिति के तीन स्वर्णिम नियमों—परीक्षण करें, परीक्षण करें, परीक्षण करें —का उल्लेख करते हुए उन्होंने मॉडल निर्माण के विभिन्न चरणों में कठोर परीक्षण की महत्ता पर प्रकाश डाला। अपने संबोधन का समापन करते हुए उन्होंने कहा कि स्वचालन को शोधकर्ता की अंतर्दृष्टि एवं विवेक का स्थान नहीं लेना चाहिए।
उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता प्रो. रूपाली सत्संगी ने की। धन्यवाद ज्ञापन में डॉ. रेशम चोपड़ा, कार्यशाला सह-संयोजक, ने प्रतिभागियों से आगामी तकनीकी सत्रों में सक्रिय सहभागिता करने तथा देश-विदेश के प्रतिष्ठित विशेषज्ञों के अनुभव एवं विशेषज्ञता का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।

कार्यशाला में डॉ. अनुराग मूर्ति नारदेला, मैनिटोबा यूनिवर्सिटी, कनाडा; प्रो. सी. गणेशकुमार, हैदराबाद यूनिवर्सिटी; प्रो. पुष्पेंद्र कुमार एवं डॉ. दिव्या तुटेजा, दिल्ली यूनिवर्सिटी; प्रो. विनीता सिंह, डॉ. बी.आर. अंबेडकर यूनिवर्सिटी तथा डॉ. अगम प्रसाद त्यागी, डीईआई अपने व्याख्यान एवं तकनीकी सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करेंगे।
प्रो. ज्योति गोगिया, नोडल आॅफिसर, (एआईयू-डीईआई-एएडीसी, ने कार्यशाला के आयोजन एवं समन्वय में महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यशाला के माध्यम से प्रतिभागियों को समकालीन मात्रात्मक विश्लेषण तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त होगा तथा डेटा-आधारित एवं गुणवत्तापूर्ण शोध के लिए उनकी क्षमताओं को और सुदृढ़ किया जा सकेगा।

अच्छा नागरिक बनना ही राष्ट्र निर्माण की पहली सीढ़ी: मेजर जनरल गौरव गौतम

 

 

 

बाबा न्यूज
आगरा। उत्तर प्रदेश एनसीसी निदेशालय के अपर महानिदेशक मेजर जनरल गौरव गौतम, वीएसएम ने अपने तीन दिवसीय दौरे के तीसरे दिन की शुरूआत गणेश राम नागर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, बल्केश्वर, आगरा से की। यहां पहुंचने पर एडीजी का भव्य स्वागत किया गया । एनसीसी ग्रुप मुख्यालय आगरा के एनसीसी कैडेट्स द्वारा गार्ड आॅफ आॅनर प्रस्तुत किया गया। स्कूल बैंड ने उनका मधुर धुनों से अभिनंदन किया ।
उसके पश्चात जीआरएन आॅडिटोरियम में आगरा ग्रुप के लगभग 450 कैडेट्स एकत्रित हुए । एडीजी ने सभी कैडेट्स को सम्बोधित करते हुए एनसीसी के फायदे गिनाते हुए जीवन में अच्छे कार्यों के लिए प्रोत्साहित किया । उन्होने बताया कि एनसीसी न केवल अनुशासन और नेतृत्व का पाठ पढाती है बल्कि देश सेवा का अवसर भी प्रदान करती है ।
उन्होने कैडट्स को वृक्षारोपण, रक्तदान, टीबी मुक्त भारत अभियान और पोलियो ड्राइव जैसी सामाजिक सेवाओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। एडीजी ने कहा कि एक अच्छा नागरिक बनना ही राष्ट्र निर्माण की पहली सीढी है। एनसीसी के माध्यम से चरित्र निर्माण और व्यक्तित्व विकास पर भी बल दिया गया।
एडीजी ने आईडीएससी शूटिंग प्रतियोगिता में आॅल इंडिया स्तर पर, यू.पी. निदेशालय के प्रथम आने पर सभी को बधाई दी । गोल्ड मेडल जीतने वाले कैडेट्स सहित कुल 20 कैडेट्स को सम्मानित किया गया। एनसीसी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले आगरा एन.सी.सी. के अन्य कैडेट्स को भी पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया ।
बाद में एडीजी ने प्रत्येक कैडेट से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की और उनका उत्साहवर्धन किया । इसके बाद उन्होने आगरा ग्रुप मुख्यालय के सभी एसोसिएट एनसीसी आॅफिसर्स, लेक्चरर्स, प्रोफेसर्स और शिक्षको से मुलाकात की। एनसीसी में प्रशिक्षक के रूप में कार्यरत सभी पी आई स्टाफ से भी उन्होने चर्चा की और उनके समर्पण की सराहना की।
उन्होने कैडेट्स को सम्बोधित करते हुए बताया कि एनसीसी द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं का पूरा लाभ उठाएं ताकि उनका सर्वांगीण विकास हो।
अन्त में एडीजी ने एक उत्तम कार्यक्रम के लिए सभी के प्रयासों की सराहना की।