बिहार सरकार में माथुर वैश्य समाज की डॉ श्वेता गुप्ता बनी मंत्री

फतेहाबाद में वैश्य समाज में हर्ष की लहर, किया जाएगा स्वागत
दिलीप गुप्ता/बाबा न्यूज
फतेहाबाद । बिहार विधानसभा चुनाव में शिवहर सीट से जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के टिकट पर डॉ. श्वेता गुप्ता के विधायक चुने जाने के बाद गुरुवार को बिहार सरकार में मंत्री पद की शपथ लेने पर फतेहाबाद के माथुर वैश्य समाज ने हर्ष व्यक्त किया है।
मूल रूप से फतेहाबाद निवासी रामकुमार गुप्ता की पुत्री डॉ. श्वेता गुप्ता 44 वर्ष की आयु में माथुर वैश्य समाज की पहली महिला विधायक बनी हैं। उन्होंने भारी मतों से चुनाव जीतकर यह उपलब्धि हासिल की है।गुरुवार को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल में मंत्री पद की शपथ लेने के बाद फतेहाबाद कस्बे में स्थानीय माथुर वैश्य समाज के गणमान्य व्यक्तियों ने डॉ. श्वेता गुप्ता को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी है। उन्होंने उनकी सफलता और समृद्धि की कामना की। समस्त माथुर वैश्य समाज फतेहाबाद ने भी इस अवसर पर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की।
डॉ. श्वेता गुप्ता के चचेरे भाई चंदन गुप्ता आगरा के फतेहाबाद कस्बे में इलेक्ट्रॉनिक्स का शोरूम चलाते हैं। चंदन गुप्ता ने बताया कि श्वेता दीदी उनसे 5 साल बड़ी हैं। फतेहाबाद की जमुना गली में उनका परिवार रहता है। परिवार में बच्चों समेत सवा सौ लोगों हैं, जिसे मोहनिया परिवार के नाम से जाना जाता है। उन्होंने बताया कि उनके परिवार में डॉक्टर और अधिकारी हैं, लेकिन पहली बार कोई कैबिनेट मंत्री बना है। उनकी इस कामयाबी पर न सिर्फ उनका परिवार, बल्कि माथुर वैश्य समाज के लोगों में हर्ष का माहौल है। शपथ लेते हुए क्षेत्र में मिष्ठान वितरण किया गया था।
डॉ. श्वेता के पिता डॉ. रामकुमार गुप्ता ने बताया कि एक साल पहले श्वेता फिरोजाबाद आई थीं। परिवार में कोई बड़ा आयोजन होता है, तब भी वह आती हैं। श्वेता के दो बेटे हैं। एक बेटा सिंधिया स्कूल में पढ़ता है। जब वह बच्चे से मिलने के लिए ग्वालियर जाती हैं, तब वह फिरोजाबाद और आगरा भी होकर आती हैं। चंदन गुप्ता ने बताया कि उन्होंने अपनी बहन से बात करके उन्हें फतेहाबाद अपने मूल निवास पर आमंत्रित किया है। यहां उनका भव्य स्वागत किया जाएगा।
समाजसेवी राजेंद्र मुनीम, आकांश मेरोठियां, संजय अनवारिया, रवि शल्या, अवकेष गोलश, आलोक बच्छरवार, रेनू अनवारिया, गौरव गुप्ता, निखिल गुप्ता, प्रदीप मोहनिया, संजय गुप्ता और विपिन गुप्ता सहित कई प्रमुख सदस्यों ने हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने इस जीत को माथुर वैश्य समाज के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

