दूसरे दिन भी 50% परीक्षार्थियों ने छोड़ दी परीक्षा:वाराणसी में 35 केंद्रों पर हुई PGT भर्ती परीक्षा, परीक्षा केंद्रों पर दिखी सख्ती
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से PGT (विज्ञापन संख्या 02/2022 प्रवक्ता संवर्ग) भर्ती की लिखित परीक्षा दो दिनों तक चली। यह चार पालियों में आयोजित हुई। जनपद में 35 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे जहां पर कड़ी सख्ती के बीच परीक्षाएं कराई गई। इसकी निगरानी AI बेस्ड CCTV कैमरे से की गई। वाराणसी में 50% से ज्यादा परीक्षार्थी परीक्षा देने के लिए पहुंचे थे। रविवार को दोनों पालियों में कुल 27,804 परीक्षार्थी पंजीकृत थे लेकिन इसमें 13,865 परीक्षार्थी ही परीक्षा देने के लिए पहुंचे थे जबकि 13,939 परीक्षार्थी अनपुस्थित रहे। पहली पाली में नागरिक शास्त्र, गणित, अर्थशास्त्र, संस्कृत एवं मनोविज्ञान विषयों की परीक्षा तथा द्वितीय पाली में रसायन विज्ञान, भूगोल, हिंदी एवं कला विषयों की परीक्षा हुई। प्रथम पाली की परीक्षा प्रातः 09:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न 02:30 बजे से 04:30 बजे तक आयोजित की गयी। प्रदेश भर के यह हैं आंकड़े 9 मई की लिखित परीक्षा में कुल 89,766 (38.04%) परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जिनमें महिला परीक्षार्थियों की उपस्थिति 34.89% एवं पुरुष परीक्षार्थियों की उपस्थिति 42.26% रही। इसी तरह 10 मई की लिखित परीक्षा में कुल 1,03,168 (45.12%) परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जिनमें महिला परीक्षार्थियों की उपस्थिति 41.92% तथा पुरुष परीक्षार्थियों की उपस्थिति 48.08% रही। इस प्रकार 9 एवं 10 मई को आयोजित लिखित परीक्षा में कुल 1,92,934 (41.53% परीक्षार्थी उपस्थित रहे।

