सीकरी में  विदेशी महिला पर्यटक पाथ वे पर गिरी, घायल

महावीर सिंह वर्मा/बाबा न्यूज
फतेहपुर सीकरी। फतेहपुर सीकरी में शुक्रवार सुबह विदेशी महिला पर्यटक गुलिस्तां सुपर मार्केट के पास पाथ-वे पर चलते चलते गिरकर घायल हो गई।
बताते चलें कि 22 विदेशी पर्यटकों का दल शुक्रवार सुबह लगभग 10 बजे फतेहपुर सीकरी भ्रमण के लिए पहुंचा था। दल में पुर्तगाल और स्पेन के पर्यटक शामिल बताए गए हैं, जो गाइड संतोष सिंह के साथ दिल्ली और आगरा भ्रमण के बाद फतेहपुर सीकरी पहुंचे थे। यहां से उन्हें जयपुर के लिए रवाना होना था।
बताया गया है कि सभी पर्यटक गोल्फ कार्ट स्टैंड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गुलिस्तां सुपर मार्केट के पास बने पाथवे की रैंप पर उबड़-खाबड़ पत्थर और बाहर निकली सरिया से ठोकर लगने पर महिला पर्यटक कोंसेइसाओ गिर गईं, जिससे उनके चेहरे पर चोट आई है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
गाइड संतोष सिंह घायल महिला को तत्काल निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें वापस दल के साथ छोड़ दिया गया। इसके बाद अन्य पर्यटक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार स्मारक भ्रमण के लिए रवाना हो गए।
गाइड संतोष सिंह ने बताया कि गोल्फ कार्ट स्टैंड तक जाने वाले मार्ग की हालत लंबे समय से खराब है। गुलिस्तां टूरिस्ट कंपलेक्स के प्रबंधक ने बताया कि महिला पर्यटक जाते समय ध्यान भटकने के चलते गिर गई थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *