यूपी चुनाव से पहले संगठन मजबूत करने उतरी कांग्रेस:मेरठ पहुंचे पार्टी के पश्चिमी जोन सहप्रभारी संजीव आर्य
उत्तर प्रदेश में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पूरी ताकत के साथ उतरेगी। पार्टी ने चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करना शुरू कर दिया है। रविवार को कांग्रेस के पश्चिमी उत्तर प्रदेश जोन के सहप्रभारी व पूर्व विधायक संजीव आर्य मेरठ पहुंचे। यहां अपार चैंबर बच्चा पार्क में उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव संजीव आर्य ने कहा कि अब जनता मन की बात नहीं, अपने मन की बात कहना चाहती है—2027 में उत्तर प्रदेश से बदलाव की शुरुआत होगी। 12 साल से जनता मन की बात सुन रही अब कहना चाहती है संजीव आर्य ने कहा कि “आज देश बदलाव के दौर से गुजर रहा है। पिछले 12 वर्षों से देश की जनता केवल ‘मन की बात’ सुन रही है, लेकिन अब देश की जनता अपने मन की बात कहना चाहती है। जनता के सवालों, युवाओं के भविष्य, किसानों की समस्याओं, महंगाई, बेरोजगारी और सामाजिक न्याय के मुद्दों को मजबूती से उठाने का काम कांग्रेस करेगी।” ये चुनाव सत्ता परिवर्तन नहीं सामाजिक न्याय का चुनाव होगा उन्होंने कहा कि “2027 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन का चुनाव नहीं होगा, बल्कि यह प्रदेश के भविष्य, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की दिशा तय करने वाला चुनाव होगा। बदलाव की शुरुआत उत्तर प्रदेश से होने जा रही है और इस बदलाव की मजबूत नींव कांग्रेस के कार्यकर्ता अपने संघर्ष और मेहनत से रखेंगे।”
गांव से लेकर बूथ तक जाएं कार्यकर्ता
संजीव आर्य ने कहा कि जरुरत है कि अब हमें गांव-गांव, बूथ-बूथ और घर-घर जाकर आम जनता से संवाद करना होगा। जनता की समस्याओं को सुनना होगा और उनके संघर्ष में उनके साथ खड़ा होना होगा।“कांग्रेस केवल चुनाव लड़ने वाली पार्टी नहीं है, बल्कि देश की आजादी से लेकर संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और देश की एकता-अखंडता की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाली पार्टी है। आज देश को ऐसी राजनीति की जरूरत है जो नफरत नहीं, भाईचारा पैदा करे और लोगों को बांटे नहीं बल्कि जोड़े।” इतिहास गवाह है कि जब कांग्रेस का कार्यकर्ता पूरी ताकत से मैदान में उतरता है तो बड़े से बड़ा राजनीतिक बदलाव संभव होता है। 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अभी से संगठन को मजबूत करना है और हर कांग्रेस कार्यकर्ता को परिवर्तन का सिपाही बनकर जनता के बीच जाना है।”
बैठक में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गौरव भाटी एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रंजन शर्मा ने संयुक्त रूप से की, जबकि संचालन कांग्रेस प्रवक्ता हरिकिशन वर्मा ने किया।

