नगर निगम सदन में गूंजे जनहित के मुद्दे, विकास कार्यों पर हुई चर्चा

महापौर की मौजूदगी में आगरा नगर निगम अधिवेशन संपन्न, सफाई-जलभराव पर पार्षदों ने उठाए सवाल
बाबा न्यूज
आगरा। महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह की अध्यक्षता में सोमवार को नगर निगम आगरा सदन का अधिवेशन आयोजित किया गया, जिसमें ट्रेड लाइसेंस शुल्क प्रस्ताव को छोड़कर नगर निगम सदन के 12 वें और 13 अधिवेशन की बैठक के कार्यवृत्त की पुष्टि की गई और प्रश्न काल में एक दर्जन से अधिक प्रश्नों पर चर्चा की गई। तीन दर्जन से अधिक प्रस्तावों पर चर्चा के बाद उन्हें सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।
शहर की सफाई व्यवस्था, जलभराव, सड़क निर्माण, पेयजल संकट और विभिन्न विकास कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए अधिकारियों से त्वरित समाधान की मांग की।
सदन में बरसात से पूर्व नालों की सफाई, जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष व्यवस्था, टूटी सड़कों के निर्माण तथा स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को लेकर कई प्रस्ताव रखे गए। पार्षदों ने विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्ध पूर्णता को लेकर भी अधिकारियों को घेरा।
महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और बरसात से पहले जलनिकासी व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त किया जाए। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने भी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में स्वच्छता अभियान, निराश्रित पशुओं की समस्या और यातायात व्यवस्था जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। सदन में प्रस्तुत कई प्रस्तावों को मंजूरी मिलने के बाद संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
अधिवेशन के दौरान पक्ष और विपक्ष के पार्षदों के बीच कई मुद्दों पर तीखी बहस और नोकझोंक भी देखने को मिली, हालांकि बाद में सदन की कार्यवाही शांतिपूर्वक संपन्न हुई।

