रामपुर में निकली श्रीकृष्ण शोभायात्रा:विधायक ने फीता काटकर किया शुभारंभ, धार्मिक झांकियां बनीं मुख्य आकर्षण
रामपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर रविवार को पुराना गंज स्थित श्री हरिहर मंदिर से भव्य शोभायात्रा एवं रथयात्रा निकाली गई। श्री हरिहर मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित यात्रा का शुभारंभ नगर विधायक आकाश सक्सेना ने फीता काटकर किया। शोभायात्रा में शामिल आकर्षक धार्मिक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। बैंड और साउंड सिस्टम के साथ ऊंट एवं घोड़े भी यात्रा की शोभा बढ़ाते नजर आए। शाम करीब पांच बजे मंदिर परिसर से शुरू हुई शोभायात्रा निर्धारित मार्ग से होते हुए शहर के विभिन्न प्रमुख बाजारों और मोहल्लों से गुजरी। यात्रा मोहम्मद छिपियान, कुम्हारों वाली गली, दोमहला रोड, बांसमंडी तिराहा, सतई का कुआं, पानदरीबा, किला पूर्वी गेट, किले वाली मस्जिद, बर्तन बाजार, जामा मस्जिद, सर्राफा बाजार, मिस्टन गंज, राजद्वारा, स्टेट बैंक चौराहा और गांधी समाधि होते हुए वापस पुराना गंज पहुंची। यात्रा में सजे-धजे रथ और धार्मिक झांकियां लोगों का ध्यान खींचती रहीं। विशेष रूप से फूल बंगला झांकी को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया। शोभायात्रा के मद्देनजर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मजिस्ट्रेटों के साथ क्षेत्राधिकारी स्तर के पुलिस अधिकारी और पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। निर्धारित मार्ग पर अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की। आयोजन में पंडित संजय शर्मा, सुनील कुमार अग्रवाल, मनोज कुमार अग्रवाल, शोभित अग्रवाल, सुरेश बाबू प्रजापति, रामचंद्र प्रजापति, रामशरण देवल, अखिल गुप्ता, विशाल सैनी, वीरेंद्र अग्रवाल, अनुज गुप्ता, आलोक देवल, बोबी, विक्की शर्मा, रामोतार पाल, दिनेश सागर, कृष्ण कुमार, नीटू सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

