खलीलाबाद में विकास कार्य ठप:सभासदों ने कहा- टेंडर होने के बावजूद भी नहीं हो रहे कार्य, जनता में आक्रोश
खलीलाबाद नगर पालिका परिषद के सभासदों ने वार्डों में विकास कार्य ठप होने और स्वीकृत योजनाओं के लंबित रहने को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने तत्काल कार्रवाई की मांग की है। सभासदों ने आरोप लगाया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 में स्वीकृत कई विकास कार्य अब तक शुरू नहीं हो सके हैं। इससे आम जनता को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में नगर पालिका परिषद और डूडा द्वारा कुछ कार्य कराए गए, लेकिन कई अधूरे रह गए। वहीं, वित्तीय वर्ष 2025-26 में शासन से स्वीकृत कार्य अभी तक धरातल पर नहीं उतर पाए हैं। आगामी बरसात को देखते हुए सड़क, नाली और अन्य आवश्यक कार्यों को जल्द शुरू करना महत्वपूर्ण है, ताकि नागरिकों को आवागमन और जलभराव जैसी समस्याओं से बचाया जा सके। सभासदों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि नगर पालिका परिषद और डूडा के माध्यम से स्वीकृत सभी विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराया जाए। उनका कहना है कि वे जनता की समस्याओं को लेकर लगातार प्रस्ताव दे रहे हैं, लेकिन संबंधित अधिकारियों द्वारा कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है। सभासदों ने नगर पालिका प्रशासन, ईओ और चेयरमैन के प्रति भी असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने आरोप लगाया कि छह महीने पहले कई कार्यों के टेंडर हो चुके हैं, इसके बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हुए हैं। शासन से धनराशि उपलब्ध होने के बाद भी वार्डों में विकास कार्य न होना गंभीर स्थिति को दर्शाता है। इससे मोहल्ले के लोग सभासदों से जवाब मांग रहे हैं। ज्ञापन सौंपने वालों में सभासद संगठन के अध्यक्ष ऋषि यादव, असलम खान, प्रीति मिश्रा, सुनील प्रजापति, वीरेंद्र यादव, अवधेश चौरसिया, आतिफ हसन, मीरा देवी, मुन्ना पांडेय, अजीजुर्रहमान, राजेश वर्मा, रितेश त्रिपाठी और सुमित सहित अन्य सभासद मौजूद रहे। सभासदों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्य शुरू नहीं हुए तो वे आगे भी आंदोलनात्मक कदम उठाने को मजबूर होंगे।

