विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर मेडिकल कॉलेज का जागरूकता अभियान:चिकित्सकों ने मुख कैंसर की समय पर जांच कराने की दी सलाह
देवरिया के महर्षि देवरहा बाबा राजकीय मेडिकल कॉलेज में विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर दंत चिकित्सा विभाग द्वारा विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में चिकित्सकों ने तंबाकू सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य नुकसान और मुख कैंसर की समय पर जांच के महत्व के बारे में लोगों को जागरूक किया। महर्षि देवरहा बाबा राजकीय मेडिकल कॉलेज के दंत चिकित्सा विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में चिकित्सकों ने बताया कि तंबाकू किसी भी रूप में स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है। बीड़ी, सिगरेट, गुटखा, खैनी और पान मसाला जैसे उत्पाद मुख, गले और फेफड़ों के कैंसर सहित कई गंभीर बीमारियों का कारण बनते हैं। विशेषज्ञों ने तंबाकू सेवन करने वाले लोगों से नियमित रूप से मुख कैंसर की जांच कराने की अपील की। उनका कहना था कि कैंसर की शुरुआती पहचान होने पर उसका उपचार अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकता है। चिकित्सकों ने मुंह में होने वाले घाव, छाले या किसी भी असामान्य बदलाव को नजरअंदाज न करने और तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी। कार्यक्रम में तंबाकू छोड़ने के फायदों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। बताया गया कि तंबाकू त्यागने से गंभीर बीमारियों का खतरा कम होता है, शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर रहता है तथा व्यक्ति अधिक स्वस्थ और खुशहाल जीवन जी सकता है। इस दौरान लोगों को “तंबाकू छोड़ें, जीवन जोड़ें” और “तंबाकू से दूरी, जिंदगी है पूरी” जैसे संदेशों के माध्यम से जागरूक किया गया। साथ ही सभी को तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम का संचालन दंत चिकित्सा विभागाध्यक्ष एवं एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. ब्रज भूषण मल्ल के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर डॉ. अंजलि मल्ल, डॉ. प्रियंका कुमारी, डॉ. निहारिका शर्मा, नवनीत राय और जे.के. सहित विभाग के अन्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। चिकित्सकों ने लोगों से तंबाकू मुक्त जीवनशैली अपनाने और अपने साथ-साथ दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की।

