आजमगढ़ में मेधावियों का हुआ सम्मान:विधान परिषद सदस्य और सीडीओ ने किया सम्मानित, 21000 का चेक, टैबलेट और दिया गया मोमेंटो
आजमगढ़ में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित वर्ष-2026 में हाईस्कूल व इण्टरमीडिएट परीक्षा में टॉप करने वाले 1682 मेधावी छात्र, छात्राओं को लखनऊ में मुख्यमंत्री द्वारा धनराशि चेक, प्रशस्ति पत्र व मेडल देकर सम्मानित किया गया। प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का कलेक्ट्रेट सभागार में सजीव प्रसारण मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक, मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, संयुक्त शिक्षा निदेशक आजमगढ़ मण्डल नवल किशोर और जिला विद्यालय निरीक्षक अजय कुमार की उपस्थिति में किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह सम्मान समारोह मेधावी विद्यार्थियों की उपलब्धियों का अभिनंदन ही नहीं। बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ता एक महत्वपूर्ण पड़ाव भी है। सार्थक दिशा में किया गया परिश्रम अवश्य प्राप्त होता है। दुनिया की सबसे समृद्ध ज्ञान परंपरा और बौद्धिक धरोहर भारत की पहचान रही है। आज मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान भी उसी गौरवशाली परंपरा का विस्तार है। सभी अभिभावकों एवं प्रधानाचार्यों का अभिनंदन और देश की युवा ऊर्जा के प्रतीक छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं। मेधावियों को किया गया सम्मानित
जिला विद्यालय निरीक्षक अजय कुमार ने बताया कि हाईस्कूल के 2 मेधावी सोनी इण्टर कालेज उफरी, अंबारी के छात्र विवेक यादव और श्री बलराम बेचू इंटर कालेज कौतकपुर की छात्रा अन्नू यादव द्वारा प्रदेश की टॉप टेन रैकिंग में आने पर मुख्यमंत्री द्वारा लखनऊ में उपरोक्त दोनों को 1-1 लाख धनराशि चेक, प्रशस्ति पत्र व मोमेन्टो देकर सम्मानित किया गया। इसी क्रम में जनपद स्तर पर हाईस्कूल की परीक्षा में जनपद की टॉप टेन मेरिट सूची में आने वाले मेधावी छात्रों, अंश यादव, प्रिंसी, पंकज मौर्या, शिक्षा यादव, रामकृष्ण यादव, शिवम यादव, प्रियांशी सिंह, राशी यादव एवं इण्टरमीडिएट परीक्षा में जनपद की टॉप टेन मेरिट सूची में आने वाले मेधावी छात्रों, जागृति सिंह, मनोज यादव, विमल शर्मा, आयुष यादव, ऋषभ, दीपांजलि यादव, अंशिका पाण्डेय, अमित सरोज, आकाश प्रजापति, स्तुति मिश्र एवं श्रेया यादव को विधान परिषद सदस्य और मुख्य विकास अधिकारी द्वारा 21-21 हजार धनराशि चेक, प्रशस्ति पत्र व मोमेन्टो देकर सम्मानित किया गया।
विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक ने कहा कि मेधावी छात्रों का हौसला आफजाही करते हुए कहा कि आप लोग लगन व ईमानदारी के साथ पढ़ते हुए देश दुनिया में जनपद आजमगढ़ का नाम आगे बढ़ावे। उन्होने कहा कि ये मेधावी छात्र/छात्रा जनपद के रत्न है। यही देश के भविष्य है, आने वाले दिनों में यदि मेधावी छात्र देश के विकास में अपना योगदान देंगे। उन्होने कहा कि छात्रों की मेधा का सम्मान करते हुए कहा कि प्रदेश व केन्द्र सरकार मेहनती छात्रों के साथ सदैव खड़ी है। देश दुनिया की तरक्की में अपना योगदान दें।
मुख्य विकास अधिकारी ने मेधावी छात्र/छात्राओं को सम्मानित करते हुए कहा कि आज आपके कारण विद्यालय व आपके माता पिता परिवार का सम्मान प्राप्त हो रहा है। इसी तरह से मेहनत व लगन के साथ पढ़ते हुए आगे बढ़े और समाज को अपना योगदान दे। मेहनत करने वाले छात्रों की कभी हार नही होती है। छात्र लगन व धैर्य के साथ मेहनत करें। आपको निश्चित रूप से सफलता प्राप्त होगी।

