इटावा हाईवे पर महिला से चेन लूट:मां-बेटा बाइक से जा रहे थे, तमंचा दिखाकर भागे बदमाश, CCTV खंगाल रही पुलिस

फर्रुखाबाद में इटावा-बरेली हाईवे पर रविवार को दिनदहाड़े एक महिला से लूट हो गई। बाइक सवार दो बदमाशों ने महिला के गले से सोने की चेन छीन ली। विरोध करने पर उन्होंने तमंचा दिखाकर धमकाया। कादरीगेट थाना क्षेत्र के मसेनी निवासी अनीता शुक्ला अपने बेटे राहुल शुक्ला के साथ बाइक से शाहजहांपुर के जलालाबाद में रिश्तेदारी जा रही थीं। रामगंगा पुल से पहले राहुल ने लघुशंका के लिए बाइक रोकी। अनीता बाइक के पास खड़ी थीं। इसी दौरान पीछे से एक बाइक पर सवार दो युवक आए। एक ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि दूसरे ने गमछे से चेहरा ढका हुआ था। उन्होंने अनीता शुक्ला के गले से सोने की चेन तोड़ ली। जब अनीता ने विरोध किया, तो एक बदमाश ने तमंचा निकाल लिया और उसमें कारतूस लोड करने लगा। इस प्रक्रिया में कारतूस नीचे गिर गया। पीड़ितों ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही राजेपुर थाना पुलिस के साथ सीओ ऐश्वर्या उपाध्याय और अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। थाने के दरोगा आशुतोष कुमार को घटनास्थल से एक कारतूस भी मिला। बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद रामगंगा पुल की ओर भाग गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। डबरी चेक पोस्ट और शाहजहांपुर जनपद के हुल्लापुर चौराहा पर लगे कैमरों की पड़ताल की जा रही है। एसओजी टीम भी मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *