पुलिस पर फायरिंग करने वाला गांजा तस्कर परिवार गिरफ्तार:अलीगढ़ में उड़ीसा से मंगाते थे गांजा, दोनों पत्नियां भी चलाती हैं नशे का कारोबार

अलीगढ़ के क्वार्सी थाना क्षेत्र में पुलिस पर फायरिंग करने वाले गांजा तस्कर परिवार को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद किया है। पुलिस की गिरफ्त में आए 6 तस्करों में मुख्य सरगना, उसकी दो पत्नियां और तीन बेटे शामिल हैं। ये लोग उड़ीसा से ट्रक के जरिए गांजा मंगाकर शहर में 10-10 ग्राम की पुड़िया बनाकर बेचते थे। ​गिरफ्तारी के दौरान मुख्य आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग भी की, लेकिन पुलिस कर्मियों ने घेराबंदी कर पूरे परिवार को दबोच लिया। एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने पुलिस टीम को 25,000 रुपए नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। ​घर में छिपे तो खदेड़कर दबोचा ​एसपी सिटी आदित्य बंसल ने पुलिस लाइन में शनिवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि जनपद में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। शुक्रवार रात नगला पटवारी चौकी की पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान अचानक फायरिंग की आवाज सुनाई दी। जब पुलिस ने संदिग्ध का पीछा किया, तो उसने पुलिस टीम पर भी जान से मारने की नीयत से सीधे फायर कर दिया। पुलिस ने बिना डरे साहस दिखाया और अतिरिक्त बल बुलाकर आरोपी का पीछा किया। आरोपी अपने घर में जाकर छिप गया था, जिसे घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। लाखों का गांजा, नकदी और हथियार मुख्य आरोपी आफताब उर्फ कप्तान के घर की तलाशी लेने के दौरान पुलिस को वहां पर 39 किलोग्राम गांजा मिला, जिसकी बाजारा में करीब आठ लाख रुपए कीमत है। वहीं, 1,05,000 रुपए नकद बरामद हुए हैं। इसके अलावा आरोपियों से एक तमंचा, दो कारतूस और पुड़िया बनाने के लिए रखी गई 300 ग्राम की खाली पॉलिथीन बरामद हुई है। ​ट्रक से आता था माल पूछताछ में सामने आया कि ये लोग अन्य राज्यों खासकर उड़ीसा से आने वाले ट्रकों के जरिए थोक में गांजा मंगवाते थे। पुलिस अब इस मामले से जुड़े कनेक्शन भी खंगाल रही है। उन ट्रक ड्राइवरों और सप्लायर्स की पहचान की जा रही है जो माल अलीगढ़ तक पहुंचाते थे। माल आने के बाद पूरा परिवार घर में ही 10-10 ग्राम की पुड़ियां तैयार करता था और उसे फुटकर में शहर के युवाओं को ऊंचे दामों में बेचता था। एक ही परिवार के 6 सदस्य जेल भेजे ​पकड़े गए सभी आरोपी थाना क्वार्सी के शहंशाहबाद गली नंबर 10 के रहने वाले हैं। इनमें मुख्य सरगना ​आफताब उर्फ कप्तान, उसकी दोनों पत्नियां शहरीन और गुड़िया, तीन बेटे नबील, अब्दुल्ला और ​बिलाल शामिल हैं। एसपी सिटी ने बताया कि इनका पुराना आपराधिक इतिहास भी है। मां-बेटे और बाप सब पर दर्ज हैं कई केस ​इस ड्रग सिंडिकेट का पुराना आपराधिक इतिहास है। मुख्य सरगना आफताब परनशा तस्करी, धमकी, अपहरण और पुलिस पर जानलेवा हमले सहित कुल 4 मुकदमे दर्ज हैं। इसके बेटे नबील पर एनडीपीएस एक्ट, अवैध हथियार, घरेलू हिंसा, मुस्लिम विवाह अधिनियम और गैर-इरादतन हत्या जैसे 7 मुकदमे हैं। ​दूसरी पत्नी गुड़िया भी नशा तस्करी में माहिर है। पूर्व में दो बार एनडीपीएस एक्ट में जेल जा चुकी है। इसके खिलाफ घरेलू हिंसा और मारपीट सहित कुल 7 मुकदमे दर्ज हैं। अब्दुल्ला पर घरेलू हिंसा, मारपीट और एनडीपीएस एक्ट के 3 मुकदमे दर्ज हैं। बिलाल और पहली पत्नी शहरीन को इसी मामले में एनडीपीएस, पुलिस पर हमला और अवैध हथियार रखने का मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा गया है। गैंगस्टर की कार्रवाई और संपत्ति कुर्क होगी ​एसपी सिटी ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी से अर्जित की गई इनकी सभी संपत्तियों की गहनता से जांच कराकर उन्हें कुर्क करने की कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *