बीमारी से परेशान युवक ने पेड़ से लटककर दी जान:मैनपुरी के खिरिया दुम्हार गांव में हुई घटना, आगरा से चल रहा था इलाज
मैनपुरी जिले के किशनी थाना क्षेत्र के खिरिया दुम्हार गांव में शनिवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। गांव निवासी 23 वर्षीय अभिषेक अवस्थी पुत्र सत्येंद्र अवस्थी ने खेत में आम के पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के अनुसार अभिषेक पिछले काफी समय से मानसिक बीमारी से जूझ रहा था। उसका इलाज आगरा के चिकित्सकों से चल रहा था। शनिवार शाम करीब चार बजे वह घर से निकला था। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान गांव के बाहर खेत में आम के पेड़ पर उसका शव लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी छत्रपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

